नवाबगंज में गन्ना सोसायटी के चुनाव दो सपा नेताओं के समर्थकों के चुनाव लड़ने का मामला समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक में उठा। जिलाध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि जब पार्टी के प्रमुख लोग ही आमने-सामने आ जाएंगे तो जिले में पार्टी की स्थिति क्या रह जाएगी। उन्होंने कहा कि गुटबाजी से पार्टी को नुकसान हो रहा है। पंचायत चुनाव सिर पर हैं और विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटना है, बेहतर होगा कि सब लोग एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करें।
राज्यमंत्री भगवत सरन गंगवार ने कहा कि किसानों की समस्याओं को मुख्यमंत्री गंभीरता से ले रहे हैं इसीलिए उन्होंने मुआवजे को दोगुना कर दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि किसानों के लिए काम करें। महानगर अध्यक्ष जफर बेग ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने कह दिया है कि जो अफसर कार्यकर्ताओं की जायज बात नहीं सुनेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अफसरों से आम जनता की वाजिब शिकायतों का निस्तारण कराना चाहिए। बैठक में प्रत्येक विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन और बूथ कमेटियों के गठन के अलावा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर की रणनीति भी बनाई गई। प्रदेश सचिव डॉ. जाहिद खां, पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव, पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. अनिल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष हरिशंकर यादव, उपाध्यक्ष हाजी गुड्डू, संजीव यादव आदि ने भी विचार रखे। संचालन जिला महासचिव प्रमोद बिष्ट ने किया।