फरीदपुर। यादव जी की लव स्टोरी फिल्म का विरोध बढ़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के फरीदपुर विधानसभा अध्यक्ष बलराम सिंह यादव एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम मल्लिका नैन को सौंपा। उन्होंने फिल्म पर रोक लगाने की मांग उठाई है। निर्माता-निर्देशक के खिलाफ देशद्रोह की रिपोर्ट दर्ज करने और इन फिल्म को बैन करने को भी कहा है। मांग पूरी न होने पर यादव-ब्राह्मणों का देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
सपाइयों ने ज्ञापन में कहा है कि यादव जी की लव स्टोरी और घूसखोर पंडत से यादव और ब्राह्मणों की भावनाएं आहत हुई हैं। ये फिल्में धार्मिक और राष्ट्र की एकता में कटुता फैलाने वाली कहानियों पर आधारित हैं।
कहा, ऐसी फिल्में सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने के अलावा जातीय भेदभाव को बढ़ावा देने के लिए हैं। जानबूझकर राष्ट्र एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने के लिए सरकार के सरंक्षण में बनाई जाती हैं। ऐसी फिल्म बनाने वाले निर्माता और निर्देशक के खिलाफ धार्मिक और जातीय उन्माद फैलाने के आरोप में राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए। इससे भविष्य में ऐसी फिल्म बनाने पर रोक लगाई जा सकेगी।
सपाइयों ने यादव जी की लव स्टोरी की रिलीज को रोकने की मांग उठाई है। मांग पूरी न होने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में विधानसभा अध्यक्ष बलराम सिंह यादव एडवोकेट, नगर अध्यक्ष नुसरत शेख, अफजाल अंसारी आदि मौजूद रहे।