एसपी देहात की गाड़ी में शॉर्ट सर्किट लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में शनिवार की आधी रात जोनल चेकिंग पर निकले एसपी देहात की गाड़ी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में पूरी गाड़ी आग का गोला बन गई। हालांकि जिस समय गाड़ी में आग लगी उस समय एसपी जिला जज और एसएसपी के आवास पर तैनात पुलिस कर्मियों की चेकिंग कर रहे थे।
गाड़ी में मौजूद चालक ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। एसपी देहात डॉ. केके सरोज को शनिवार की रात एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने जोनल चेकिंग पर लगाया था। रात लगभग 1:30 बजे वह वजीरगंज थाना इलाके में पुलिस कर्मियों की चेकिंग कर वापस अपने आवास लौट रहे थे।
जैसे ही वह थाना सिविल लाइन क्षेत्र के डीएम रोड पर पहुंचे तो जिला जज और एसएसपी के आवास पर तैनात पुलिस कर्मियों की चेकिंग करने लगे। एसपी के सुरक्षा कर्मी भी गाड़ी से बाहर आ गए थे। इसी बीच शॉर्ट सर्किट से गाड़ी के बोनट में आग लग गई।
गाड़ी से आग की लपटें उठती देख चालक ने भाग कर जान बचाई। गनीमत यह रही कि एसपी भी गाड़ी में उस समय मौजूद नहीं थे। मामले की जानकारी पर दमकल मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन जब तक गाड़ी पूरी तरह जल गई।