Bareilly News: मुरादाबाद से बरेली पहुंचे नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने भाजपा और पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया। कहा कि उपचुनाव में पुलिस ने हमारे मतदाताओं को वोट नहीं डालने दिए हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि मुरादाबाद की कुंदरकी उपचुनाव में भाजपा के इशारे पर पुलिस गुंडई की है। लोगों के घरों के बाहर बैरिकेडिंग कर मतदान के लिए उन्हें घरों से बाहर ही नहीं निकलने दिया गया।
विज्ञापन
बरेली में सपा कार्यालय पर बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कुंदरकी में ग्राम प्रधानों और कोटेदारों के जरिये लोगों के आधार कार्ड, आईडी कार्ड ले लिए गए हैं। समुदाय विशेष के मतदाताओं को घरों के बाहर ही नहीं निकलने दिया गया। उनके घरों के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई थी। इससे वे बाहर निकलकर वोट नहीं डाल सके। जो लोग हिम्मत करके बाहर निकले, पुलिस ने उन पर लाठियां भांजीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घबराए हुए हैं। वह अपना रुतबा कायम रखने के लिए ऐसा कर रहे हैं, लेकिन हम इसका ध्यान रखेंगे। लोगों को जागरूक करेंगे। मैंने कुंदरकी के हालात पर पर्यवेक्षक से बात की तो आचार संहिता का उल्लंघन बताकर हमें मुरादाबाद से बरेली भेज दिया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, शमीम खां सुल्तानी, अशोक यादव, दीपक शर्मा, सामर्थ मिश्रा, नमन मिश्रा समेत अन्य सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।