खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने परातासपुर गांव में चल रही सोनपापड़ी बनाने की अवैध फैक्ट्री को सीज कर दिया। फैक्ट्री में 400 किलो तैयार मिठाई और 300 किलो सामग्री मिली। उसे भी टीम ने कब्जे में ले लिया और उसका नमूना जांच के लिए भेजा है। यहां गंदगी के बीच सोनपापड़ी तैयार की जा रही थी।
बृहस्पतिवार को अभिहित अधिकारी ममता कुमारी ने टीम के साथ परातासपुर गांव में रामनरेश की सोनपापड़ी बनाने की अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा। जांच के दौरान पता चला कि यहां बेसन की जगह मेदा से सोनपापड़ी बनाई जा रही थी। पिस्ता का लुक देने के लिए शुगर को ग्रीन करके ऊपर से लगाया जा रहा था। फैक्ट्री में इस कदर गंदगी थी कि यहां की बनी मिठाई खाने का मतलब बीमार होना तय था। बिना लाइसेंस से रामनरेश मिठाई की फैक्ट्री चला रहा था।