घटना की जानकारी देता समाचार पत्र वितरक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
थाने लाकर भी की पिटाई, पीड़ित ने सीओ से की शिकायत
नवाबगंज। कोरोना काल में जान जोखिम डालकर लोगों तक अखबार पहुंचा रहे समाचार पत्र वितरक पर हाफिजगंज थाने के दो सिपाहियों ने यह कहकर जमकर पीटा कि लॉकडाउन में अखबार बांटने पर पाबंदी है। अखबार के बंडल भी उठाकर नाली में फेंक दिए और उसे पकड़कर थाने ले आए। सीओ के आदेश पर पुलिस ने वितरक को छोड़ा। सीओ ने पीड़ित को खुद जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव बकैनिया निवासी अकरम समाचार पत्र वितरक हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह बकैनिया गांव में ही अखबार का वितरण कर रहे थे। तभी हाफिजगंज थाने के दो सिपाही वहां पहुंचे और लॉकडाउन में अखबार बांटने से मना करने लगे। अकरम ने विरोध किया तो सिपाहियों ने उनकी पिटाई कर दी। एक सिपाही ने लात मारकर साइकिल गिरा दी। जिससे वह साइकिल समेत नाली में गिर गए। अखबार के बंडल भी सिपाहियों ने नाली में फेंक दिए, जिससे उनके 1700 रुपये के अखबार खराब हो गए। इसके बाद सिपाही उन्हें थाने ले आए और वहां भी मारपीट की। मामले की शिकायत सीओ योगेंद्र सिंह से की गई तो उनके आदेश पर अकरम को छोड़ा गया। अकरम ने सीओ शिकायत पत्र दिया है।