बरेली। भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस मैदान पर चल रही इंटर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन शुक्रवार को ग्रुप-बी मैच में सोबती पब्लिक स्कूल की टीम ने ने बीबीएल पब्लिक स्कूल को 80 रनों से शिकस्त दी। दूसरे मैच में सार्वजनिक मॉडर्न स्कूल नकटिया की टीम के नहीं पहुंचने की वजह से बासु बरल सीनियर सेकेंडरी स्कूल को वॉकओवर दिया गया।
सोबती पब्लिक स्कूल की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 139 रन बनाए। अक्षत गुप्ता ने 30 तो काजी हमजा ने 24 रनों का योगदान दिया। बीबीएल की टीम ने 29 अतिरिक्त रन लुटाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीबीएल पब्लिक स्कूल की पूरी टीम मात्र 8.3 ओवर में 59 रनों पर सिमट गई। अक्षत गुप्ता ने महज 1.3 ओवर में सात रन देकर पांच विकेट चटकाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस दौरान एसआरएमएस सीईटी के प्रिंसिपल डॉ. प्रभाकर गुप्ता, डॉ. शोभित सक्सेना, डॉ. अनुज सक्सेना आदि मौजूद रहे।