Smuggler arrested with 300 grams of smack and 2.5 lakh cash
फरीदपुर। पुलिस ने 300 ग्राम स्मैक और ढाई लाख की नकदी के साथ फतेहगंज पूर्वी के पढे़रा गांव के स्मैक तस्कर अकील को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी तौहीद पुलिस को चकमा देकर भाग गया।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात गश्त के दौरान रमपुरिया नहर की पुलिया के पास बाइक सवार दो लोगों को आते देख रुकने का इशारा किया तो दोनों भागने लगे। इस दौरान बाइक गिर गई। एक युवक गन्ने के खेत में घुसकर भागने में कामयाब रहा, जबकि दूसरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके बैग से 300 ग्राम स्मैक, दो लाख 56 हजार दो सौ रुपये और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद हुआ।
आरोपी ने अपना नाम अकील निवासी गांव पढे़रा थाना फतेहगंज पूर्वी बताया। वह हाल में मोहल्ला मिर्धान में रह रहा है। साथी का नाम तौहीद निवासी मोहल्ला ऊंचा बताया। उसने बताया कि वह तौहीद के लिए स्मैक का काम करता है। पुलिस ने अकील के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। तौहीद की पुलिस तलाश कर रही है।
ढाई लाख रुपये लेकर भी जेल भेजने का आरोप : फतेहगंज पश्चिमी। मोहल्ला सराय में रहने वाली महताब ने पुलिस पर ढाई लाख रुपये वसूलने के बावजूद अपने बेटे नदीम उर्फ राजू को स्मैक तस्करी के मामले में जेल भेजने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 29 जनवरी को पुलिस ने उनके बेटे को पूछताछ के नाम पर उठाया। फिर उनसे छह लाख रुपयों की मांग की।
किसी तरह उन्होंने ढाई लाख रुपये जुटाकर दिए। इसके बाद भी दरोगा ने उनके बेटे को तीन दिन तक थाने में बैठाए रखा और फिर एनडीपीएस एक्ट में जेल भेज दिया। इस मामले में महताब ने एडीजी, आईजी, एसएसपी, अल्पसंख्यक आयोग और शासन में शिकायत की है। एसएसपी ने बताया कि नदीम उर्फ राजू से 110 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। वह हत्या और जानलेवा हमले के मामले में भी जेल जा चुका है। ब्यूरो