बरेली। निशांत पटेल स्पोर्ट्स हब में खेले गए बिग बॉयज लीग के मुकाबलों में अंतिम ओवरों तक चले रोमांच के बीच एसएमसी ग्लोबल और राइजिंग स्टार्स ने अपने-अपने मैचों में जीत हासिल की।
दिन के पहले मुकाबले में एसएमसी ग्लोबल ने राइजिंग टाइटन बीबीएल को मात्र दो रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसएमसी ग्लोबल की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट गंवाकर 168 रनों का स्कोर बनाया। टीम की ओर से शादाब ने बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। उनका साथ देते हुए हाजी सौरव घोसी ने 26 गेंदों में 39 रन और अभिषेक ने 16 गेंदों में 23 रनों की उपयोगी पारी खेली। राइजिंग टाइटन की ओर से गेंदबाजी करते हुए फरमान यार खान ने दो विकेट झटके।
जवाबी पारी में राइजिंग टाइटन की टीम 20 ओवरों में नौ विकेट पर 166 रन ही बना सकी। टीम के लिए रियाज अफरीदी ने 22 गेंदों में छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 64 रनों की आतिशी पारी खेली। दिलप्रीत सिंह ने 34 गेंदों में 44 रन जोड़े। हालांकि एसएमसी ग्लोबल की सधी हुई गेंदबाजी के आगे विपक्षी टीम लक्ष्य से केवल दो रन दूर रह गई। गेंदबाजी में शादाब, हाजी सौरव घोसी और सैंडी ने 2-2 विकेट हासिल किए। बल्ले से 56 रन बनाने और गेंदबाजी में 12 रन देकर दो विकेट चटकाने वाले शादाब को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
एक अन्य रोमांचक मुकाबले में राइजिंग स्टार्स ने गज ग्रीन चैलेंजर्स को चार रन से पराजित किया। टॉस जीतकर गज ग्रीन चैलेंजर्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए राइजिंग स्टार्स की शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन नीरज गिरी की 41 गेंदों में 53 रनों की अर्धशतकीय पारी और मोहम्मद शादाब अंसारी के 34 गेंदों में 41 रनों के योगदान की बदौलत टीम ने 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 175 रनों का स्कोर खड़ा किया। अंत में क्रांति ने नाबाद 22 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गज ग्रीन चैलेंजर्स की ओर से अब्दुल समद ने तीन विकेट और जॉनी ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गज ग्रीन चैलेंजर्स की टीम के लिए मध्यक्रम में अक्षत नामदेव ने बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 59 रन बनाए। अनुज शर्मा ने 34 और अब्दुल समद ने नाबाद 24 रन बनाकर टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया था। हालांकि, राइजिंग स्टार्स के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए गज ग्रीन चैलेंजर्स को 20 ओवरों में नौ विकेट पर 171 रनों पर ही रोक दिया। राइजिंग स्टार्स की तरफ से सुमित श्रीवास्तव, मोहम्मद आमिर और गणेश ने 2-2 विकेट झटके। शानदार बल्लेबाजी के लिए नीरज गिरी को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।