संदिग्ध लोगों को अब 14 दिन अस्पताल और 14 दिन होम क्वारंटीन करने का निर्देश
बरेली। कोरोना वायरस डॉक्टरों को लगातार हैरान कर रहा है। दुबई से चंडीगढ़ लौटे एक युवक के जांच में नेगेटिव पाए जाने के 15 दिन बाद कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर नए निर्देश जारी किए गए हैं। अब 14 दिनों क्वारंटीन रहे लोगों को जांच में नेगेटिव पाए जाने के बावजूद 14 दिन के लिए और क्वारंटीन रखने का निर्देश दिया गया है। पहले वे अस्पताल और फिर घर पर क्वारंटीन रहेंगे।
चंडीगढ़ के युवक को दुबई से लौटने पर 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया गया और फिर उसके सैंपल की जांच कराई गई जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। लेकिन 15 दिन बाद उसमें कोरोना के लक्षण प्रकट होने शुरू हुए तो दोबारा सैंपल लेकर जांच कराई गई। इस बार वह पॉजिटिव निकला। कोरोना संक्रमण का देश में पहला ऐसा केस सामने आने के बाद आईसीएमआर को इसकी जानकारी दी गई थी। इसके बाद अलर्ट जारी किया गया है। इसके मुताबिक नेगेटिव पाए जाने के बावजूद किसी भी संदिग्ध मरीज को 14 दिन तक अतिरिक्त क्वारंटीन रखा जाएगा।
जिला अस्पताल में आईडीएसपी प्रभारी मीसम अब्बास के मुताबिक यह पहले से स्थापित था कि कोरोना संक्रमण के लक्षण तत्काल नहीं दिखते। अब माना जा रहा है कि रोग प्रतिरोधक क्षमता ज्यादा होने पर संक्रमण दिखने में 14 दिन से भी ज्यादा समय लग सकता है। ऐसे में संभव है कि दो-चार दिन पहले किसी संक्रमित के संपर्क में आए व्यक्ति के सैंपल की जांच कराई जाए तो पहली बार में उसमें संक्रमण की पुष्टि हो जाए। इसलिए उन्हें 14 दिन क्वारंटीन किया जाएगा। इसके बाद अगर उसमें लक्षण नहीं दिखते तब भी उसे अस्पताल से घर शिफ्ट कर होम क्वारंटीन किया जाएगा। 28 दिन की निगरानी के बाद ही उसे स्वस्थ माना जाएगा।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में क्वांरटीन होंगे संक्रमितों के परिजन
बरेली। तीन सौ बेड के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को कोरोना संक्रमित मरीजों के परिजनों का सौ बेड का क्वारंटीन सेंटर बनाने की तैयारी चल रही है। शनिवार को वार्डों में दो-दो मीटर की दूरी पर 80 बेड लगा दिए गए। आईडीएसपी प्रभारी डॉ. मीसम अब्बास ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत कोरोना संक्रमित मरीज जिला अस्पताल में रखे जाएंगे लेकिन उनके परिजन अलग क्वारंटीन किया जाएगा। इसके लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तैयार किया गया है। कोरोना का कंट्रोल रूम पहले की तरह सीएमओ कार्यालय के पास रहेगा। मरीजों की काउंसलिंग और सैंपल लेने जैसे काम सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में होंगे।