पार्सलों की बुकिंग करते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। डाक विभाग ने दवाओं और आवश्यक सेवाओं से जुड़े सामान की बुकिंग शुरू कर दी है। मुख्य डाकघरों पर सबसे ज्यादा लोग दवाओं के पार्सल लेकर पहुंच रहे हैं। विभाग इसकी बुकिंग और वितरण भी प्राथमिकता से करा रहा है।
जनता कर्फ्यू से पहले 20 मार्च को विभाग ने देश भर में पार्सल वितरण कार्य बंद कर दिया था। संबंधित ग्राहक खुद ही डाकघरों से पार्सल लेने लगे थे। इसके बाद 22 मार्च को जनता कर्फ्यू और 24 मार्च की रात से लॉकडाउन घोषित होने से देश भर में रेल, बस और अन्य यातायात भी बंद हो गया था, जिससे पार्सल और सामान्य डाक आदि व्यवस्था ठप हो गईं। विभाग ने अब अपने स्तर से डाक मोटर सेवा संचालित कर पार्सल और अन्य आवश्यक डाक संकलन शुरू कर दिया है। कारगो सेवा भी संचालित होने लगी है। इसलिए अब सभी प्रमुख डाकघरों में दवा और अन्य सेवाओं से जुडे़ पार्सल की बुकिंग शुरू कर दी गई है। पीएमजी संजय कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों ने पार्सल बुक कराए। विभाग ने इनका वितरण भी कराना शुरू कर दिया है। उन्होंने ग्राहकों से कहा कि वे पार्सल बुक करा सकते हैं। संवाद