बरेली। शहर को स्मार्ट बनाने के लिए चयनित इंटरनेशनल सिटी मैनेजमेंट कंसल्टेंट एजेंसी के तीन एक्सपर्ट बुधवार को बरेली पहुंच गए। एजेंसी आगरा और बरेली में स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट पर एक साथ काम करेगी। नगर निगम से एग्रीमेंट की प्रक्रिया एक या दो दिन में पूरी होने के बाद 24 बिंदुओं पर सर्वे शुरू होगा।
कंसल्टेंट एजेंसी के करन अग्निहोत्री, जयशाह और शुचि जोशी ने बताया कि सरकार के स्मार्ट प्रोजेक्ट पर नगर निगम से अनुबंध की शर्तें लगभग पहले से तय हैं इसलिए एग्रीमेंट होने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। एग्रीमेंट का काम होता रहेगा। वे 24 बिंदुओं पर स्मार्ट सिटी का प्रोजेक्ट बनाने के लिए सर्वे का काम बृहस्पतिवार से शुरू करेंगे। प्रोजेक्ट में सॉलिड वेस्ट, वाटर सप्लाई, सीवर, वाटर ट्रीटमेंट, स्वास्थ्य, शिक्षा, आईटी, यातायात, जनसंचार, सुरक्षा और सलामती आदि मुद्दे शामिल किए जाएंगे। नगर निगम से अनुबंध के बाद एजेंसी को तीन महीने के अंदर स्मार्ट सिटी का प्रोजेक्ट तैयार करना है। आगरा और बरेली में ये एजेंसी एक साथ स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट बनाएगी। कंसल्टेंट एजेंसी के प्रतिनिधियों के मुताबिक शहर में जनसंख्या के आधार पर उपलब्ध संसाधनों और कमियों पर नगर निगम के अफसरों और पार्षदों से विचार विमर्श होगा। सुविधाओं की बेहतरी के लिए जनता के सुझाव भी प्रोजेक्ट में शामिल किए जाएंगे।