सतीश कुमार के मामले में किरकिरी झेलने के बाद फिर गुपचुप नियुक्ति की तैयारी
बरेली। भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे रिटायर्ड पीसीएस सतीश कुमार के मामले में किरकिरी झेल चुके नगर निगम अफसर अब भी सुधरने को तैयार नहीं हैं। सतीश कुमार की गिरफ्तारी के बाद खाली हुए मिशन मैनेजर के पद को फिर से गुपचुप भरने की तैयारी है। हालांकि नगर आयुक्त साफ छवि के अधिकारी की तलाश का दावा कर रहे हैं। मगर चर्चा है कि जल्दी ही रिटायर हो रहे अपर नगर आयुक्त ईश शक्ति सिंह ने इसके लिए आवेदन कर दिया है।
अपर नगर आयुक्त ईश शक्ति सिंह 31 दिसंबर को रिटायर हो रहे हैं। चर्चा है कि रिटायर होने के बाद भी वह बरेली में रहना चाहते हैं। ऐसे में उन्होंने स्मार्ट सिटी के मिशन मैनेजर पद के लिए आवेदन कर दिया है। नगर आयुक्त को दिए आवेदन मेें उन्होंने खुद को इस पद के लिए योग्य बताया है। नगर आयुक्त ने भी उनके आवेदन को स्मार्ट सिटी बोर्ड में रखने का प्रस्ताव तैयार करने को संबंधित अधिकारियों को भेज दिया है। अगली बोर्ड बैठक में उनके नाम की संस्तुति होने की भी उम्मीद है। मगर सूत्रों का कहना है कि नगर आयुक्त इस बार कोई रिस्क नहीं लेना चाहते। सतीश कुमार की गिरफ्तारी के बाद वह काफी किरकिरी झेल चुके हैं। इसलिए अपर नगर आयुक्त के आवेदन पर वह एक अंतरिम जांच भी करा रहे हैं। इसके बाद ही उनके नाम पर मुहर लगना संभव होगा। लेकिन नगर आयुक्त समेत स्मार्ट सिटी का कोई भी अधिकारी इस संबंध में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं।