बरेली। स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट का दमखम परखने के लिए 13 सितंबर को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की टीम बरेली पहुंचेगी। यह टीम यहां तैयार किए गए प्रोजेक्ट की जमीनी हकीकत देखेगी। इसके चलते नगर निगम अफसर परेशान हैं क्योंकि स्मार्ट सिटी के अधिकांश प्रोजेक्ट को अब तक जमीन ही नहीं मिल सकी है। इस दौरान खासतौर पर संजय कम्युनिटी हॉल के सौंदर्यीकरण और हैंडीक्राफ्ट प्रोजेक्ट पर मंथन होगा।
नगर निगम पिछली बोर्ड बैठक में स्मार्ट सिटी के सभी प्रस्ताव स्थगित कर दिए गए थे। इसमें कुष्ठ आश्रम की जमीन पर सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट, एलन क्लब सब्जीमंडी के पास मल्टीस्टोरी पार्किंग और नगर निगम पार्क की जमीन पर मल्टीपार्किंग समेत एक अन्य प्रोजेक्ट था। इसके बाद से ही इन प्रस्ताव पर कोई काम आगे नहीं बढ़ सका है और अब यह प्रस्ताव कार्यकारिणी की बैठक में रखे जाएंगे। इसी बीच बुधवार को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की टेक्निकल टीम के आने की तिथि तय हो गई है। यह टीम शुक्रवार 13 सितंबर को यहां पहुंचकर समीक्षा करेगी लेकिन अभी जमीन फाइनल न होने से अफसर तनाव में हैं।
कागजों में ही चल रही स्मार्ट सिटी की फाइल
नगर निगम स्मार्ट सिटी को लेकर चाहे जितने प्रोजेक्ट के दावे करे लेकिन अब तक एक भी काम जमीनी स्तर पर शुरू नहीं हो सका है। हालांकि नगर निगम के एक्सईएन संजय चौहान का दावा है कि बरेली स्मार्ट सिटी ओपन जिम, स्मार्ट क्लास और डेलापीर चौराहे के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट पर काम कर रही है, जिनकी टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है और अब जल्दी ही काम शुरू होगा।