Smaller parties and independents 11 prescription filled
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
विधानसभा चुनाव के तीसरे दिन मंगलवार होने के कारण बड़े दलों के दिग्गज नामांकन करने से बचे। उन्होंने आज के दिन को शुभ न मानते हुए पर्चे नहीं भरे, उन्हें आशंका रही कि मंगल के दिन दाखिल किया गया परचा कहीं अमंगलकारी न हो जाए। ज्योतिषियों का कहना है कि मंगल और शनिवार को बहुत से लोग शुभ नहीं मानते हैं इसलिए इन दिनों में लोग शुभ कार्य करने से बचते हैं। जिन लोगों के मंगल और शनि उच्च के होते हैं उनके लिए यह दो दिन शुभ माने जाते हैं और वह उसी दिन वह शुभ कार्य करते हैं। दूसरी ओर आज कलक्ट्रेट परिसर में निर्दल और छोटे दलों के 11 प्रत्याशियों ने परचे दाखिल किए।
कलक्ट्रेट में नामांकन करने वालों में बहेड़ी से जनता दल यूनाइटेड के वीरेंद्र सिंह ने परचा भरा। भोजीपुरा से जनशक्ति एकता पार्टी के डोरीलाल कश्यप, बरेली से कम्युनिस्ट पार्टी के तारकेश्वर चतुर्वेदी, पप्पू सागर और प्रमोद कुमार अग्रवाल ने निर्दल के रूप में परचा भरा । बरेली कैंट से पीस पार्टी की रबिया अख्तर। मीरगंज से निर्दल चंद्रभोज पाठक, फरीदपुर से राज कुमार ने परचे भरे। इनके अलावा कैंट से बसपा के राजेंद्र गुप्ता और फरीदपुर से बसपा के विजयपाल ने आज फिर परचे दाखिल किए। बिथरी चैनपुर और आंवला से किसी ने परचा नहीं भरा।
इन लोगों ने लिए परचे
तीसरे दिन परचा लेने वालों में अमरजीत निर्मल, सत्तार अल्वी, गुरुदेव गंगवार ने परचे लिए। बिथरी चैनपुर से आईएमसी के नाम से भुवनेश्वर सिंह, निर्दल में सूरजपाल और विशाल यादव। आंवला से राजनीतिक दल से महिपाल यादव, भारतीय जनता समाज पार्टी से राजपाल भारती। बहेड़ी से जनाधिकार पार्टी के अनुपमा मौर्य, अपना दल से चिंतामणि तथा निर्दल राकेश कुमार। भोजीपुरा से भगवत सरन और प्रशांत पटेल ने परचे लिए हैं। नवाबगंज से आईएमसी की शहला ताहिर, उनके पति मोहम्मद ताहिर, तबसुर हुसैन और नईम अहमद ने निर्दल प्रत्याशी के रूप में परचे लिए हैं। मीरगंज से पीस पार्टी के नाम से मुनीश कुमार तथा निर्दल के रूप में धर्मेंद्र सागर व चेतराम ने परचे भरे हैं।