इज्जतनगर के फरीदपुर चौधरी का मामला, शिकायत के बाद रात में ही जोत दिया खेत
एसपी ट्रैफिक ने की जांच-पड़ताल, गोवंश की खालें और अवशेष मौके से बरामद
बरेली। इज्जतनगर के गांव फरीदापुर चौधरी में ईदगाह के पीछे किला नदी किनारे एक खेत को बूचड़खाना बनाकर गोवंश का कटान किया जा रहा था। शिकायत पर इज्जतनगर पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो गोवंश के तमाम अवशेष बरामद हुए। एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह ने भी मौका मुआयना कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय योगी सेना गोरक्षा प्रकोष्ठ के हिमांशु पटेल, भूपेंद्र मौर्य, मनु गिरि और सुभाष मौर्य ने बताया कि उन लोगों को फरीदापुर चौधरी में ईदगाह के पीछे किला नदी किनारे धर्मेंद्र गुप्ता के खेत में गोवंश के कटान की सूचना मिली थी। बुधवार को उन्होंने आईजी रमित शर्मा को ट्वीट किया और इज्जतनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार धीर से फोन पर शिकायत की। रात में इंस्पेक्टर ने उन्हें बताया कि मौके पर खून के कुछ निशान मिले हैं, बाकी जांच बृहस्पतिवार को होगी। बृहस्पतिवार दोपहर वे लोग पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो किला नदी और नाले में गोवंश के तमाम अवशेष पड़े दिखे। सूचना पर आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए। मौके पर पहुंची पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने भी गोवंश के अवशेष होने की पुष्टि की है। इसके बाद एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इज्जतनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार धीर को रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिकायत हुई तो रात में ही जोत डाला खेत
हिमांशु ने बताया कि बुधवार को नदी किनारे स्थित खेत में अवैध कटान के तमाम सबूत बिखरे हुए थे मगर रात में पुलिस से शिकायत के बाद यहां जुताई करके उन्हें मिटाने की कोशिश की गई है। हालांकि इसके बावजूद खेत की मिट्टी खून से अब तक लाल है और वहां तमाम अवशेष बिखरे पड़े हैं।
लंबे समय से कटान, पुलिस को भनक तक नहीं
मनु गिरी ने कहा कि घटनास्थल की स्थिति बता रही है कि वहां पर लंबे समय से गोवंश की हत्या की जा रही है। पुलिस को इसकी कोई जानकारी नहीं है और रात में शिकायत के बाद खेत भी जुतवा दिया गया। इससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं की तो राष्ट्रीय योगी सेना धरना प्रदर्शन करेगी।
पुलिस ने धमकाया- रिपोर्ट लिखाने पर नदी से निकालने होंगे अवशेष
गोवंश के ज्यादातार अवशेष नदी में पड़े हुए थे और बदबू के कारण कोई उन्हें बाहर निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। इस पर एक पुलिसकर्मी ने कहा कि जो रिपोर्ट लिखाएगा, उसे अवशेष भी निकालने होंगे। इस पर योगी सेना के लोग आक्रोशित हो गए। हालांकि इसके बाद पुलिस ने छोटी जसीबी मशीन मंगाकर अवशेष नदी से बाहर निकलवाए।
घटनास्थल पर गोवंश के अवशेष पड़े होने की शिकायत की गई थी। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच कराई जा रही है।- राम मोहन सिंह, प्रभारी एसपी सिटी
शाही में धर्मस्थल के पास दो गोवंश का किया वध, खेत में छोड़े अवशेष
शाही। तस्करों ने शाही में धर्मस्थल से कुछ दूरी पर दो गोवंश का वध करके अवशेष खेत में ही छोड़कर फरार हो गए। सुबह लोगों ने अवशेष पड़े देखे तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर पहुंचे भाजपा नेताआें ने पुलिस को भी खूब खरीखोटी सुनाई।
बृहस्पतिवार सुबह कस्बा में धर्मस्थल के पास स्थित चौराहे से कुछ दूरी पर लोगों ने खेत में दो गोवंश के अवशेष पड़े देखे तो कुछ ही देर में वहां भीड़ लग गई। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार और हल्का दरोगा वीरेंद्र कुमार वहां पहुंचे और पशु चिकित्सक को बुलाकर जांच पड़ताल शुरू कराई। जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार, भाजपा नेेता शिवम शर्मा, मुकेश रस्तोगी, अनुरोध सिंह, शेखर सक्सेना समेत भाजपा नेता भी मौके पर पहुंच गए। उन लोगों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस को जमकर खरीखोटी सुनाई। इस मामले में सेवा ज्वालापुर निवासी भाजपा नेता सूरजपाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात गोमांस तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उन्होंने पुलिस को कुछ पशु तस्करों के नाम भी बताए हैं।
गोवध और तस्करी की घटनाएं रोकने में पुलिस नाकाम
योगी सरकार गाय और गोवंश को लेकर तमाम योजनाएं संचालित कर रही है मगर पुलिस की अनदेखी से जिले में न तो गोवंश की तस्करी रुक रही है और न ही गोकशी पर लगाम लग रही है। इसकी वजह से आए दिन किसी न किसी गांव में गोवंश का वध हो रहा है।
हाल की घटनाएं
23 नवंबर 2021 : सीबीगंज के गांव तिलियापुर में गोवंश का वध किया गया। दो तस्कर जेल गए, तीन पुलिस ने छोड़ दिए।
22 नवंबर 2021 : इज्जतनगर पुलिस ने पंजाब से बिहार ले जाए जा रहे 21 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया।
10 अक्तूबर 2021 : भोजीपुरा के कस्बा धौराटांडा में गोवंश का वध करके अवशेष धर्मस्थल पर फेंके।
07 सितंबर 2021 : भुता में लग्जरी कार में गोवंश चोरी करके ले जाने बाद बाग में वध कर दिया गया।