50 बसें हुई हैं आवंटित, पिछले सप्ताह भी मिली थीं 10 बसें
बरेली। परिक्षेत्र को छह और नई रोडवेज बसें मिल गई हैं। रविवार को यह बसें बरेली पहुंची और सोमवार को सभी बसों को प्रयागराज रवाना कर दिया गया। पिछले सप्ताह भी परिक्षेत्र को 10 नई बसें मिली थीं। उनको भी महाकुंभ ड्यूटी में लगाया गया है।
बरेली परिक्षेत्र के चार डिपो बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो को 50 नई रोडवेज बसों का आवंटन हुआ है। यह बसें प्रयागराज महाकुंभ से पहले मिली थीं, लेकिन बसों की बॉडी बनने समेत अन्य कार्यों के देरी के कारण अब तक 16 नई बसें ही मिल सकी हैं। चार और बसें बृहस्पतिवार को मिल जाएंगी। 29 जनवरी को मौनी अमावस्या से पहले 25 बसें मिली हैं। एआरएम रुहेलखंड अरुण कुमार वाजपेयी ने बताया कि सभी नई बसों को महाकुंभ बस सेवा में लगाया गया है। महाकुंभ का समापन होने के बाद इन बसों को परिक्षेत्र के चारों डिपो के लिए आवंटित कर दिया जाएगा। संवाद