बरेली में ई-रिक्शा कंपनी की डीलरशिप दिलाने के नाम पर युवक से छह लाख रुपये हड़प लिए गए। गाड़ी बेचने के बाद भी उसे कोई मुनाफा नहीं दिया गया। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की तहरीर पर प्रेमनगर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्राह्मपुरा निवासी सुनील कुमार ने बताया कि शिव शक्ति स्टेट कॉलोनी निवासी मोहित खंडेलवाल ने एनईयूओएन मोटर कंपनी में ई-रिक्शा कंपनी का डीलर बनाकर संजय नगर में दुकान और सर्विस सेंटर बनाकर देने का झांसा दिया। इसके अलावा आरटीओ ऑफिस में ट्रेड कोड खुलवाने की बात कही।
कई बार में ट्रांसफर कराई रकम
कहा गया कि जो गाड़ी बेचेंगे बिक्री बिल से 20 प्रतिशत का मुनाफा होगा। एक अक्तूबर को गोपाल ट्रेडर्स के खाते में उन्होंने ऑनलाइन 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। सुनील ने बताया कि उसके बाद 17 अक्तूबर को पांच हजार रुपये लिए गए। जबकि डेढ़ लाख रुपये आरटीओ कार्यालय में कोड खुलवाने के नाम पर लिए। चार लाख रुपये उसने बड़े भाई के खाते से ट्रांसफर किए।
पीड़ित का आरोप है कि रुपये देने के बाद उसने गोपाल ट्रेडर्स के बिल पर तीन ई रिक्शा बेचे। इसका कोई मुनाफा और मूलधन उन्हें नहीं लौटाया गया। उन्होंने हिसाब करने को कहा जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपी मोहित खंडेलवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।