भमोरा (बरेली)। थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, यहां भाभी ने अपनी ननद को चार दिनों तक कमरे में बंद कर लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से पीटा। उसे न खाना दिया न बाहर निकलने दिया। किसी तरह पड़ोसी के घर पहुंची किशोरी की आपबीती सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।
गांव निवासी 17 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि उसके तीन भाई हैं। सबसे बड़े भाई की शादी हो चुकी है। दो छोटे भाई बाहर मजदूरी करते हैं। उसकी मां बीमार हैं। पिता को एक माह पूर्व भाभी ने मारपीट कर घर से निकाल दिया और तभी से उसका शोषण शुरू कर दिया।
पांच दिनों से भाई काम के सिलसिले में बाहर गया था। घर पर वह व भाभी ही थे। आरोप लगाया कि चार दिन पहले भाभी ने उसे लोहे की रॉड व डंडों से पीटा और कमरे में बंद कर दिया। बृहस्पतिवार को उसे बाहर निकाला और बर्तन धुलवाने बैठा दिया। वह मौका पाकर घर की दीवार लांघकर पड़ोसी परिवार में पहुंच गई। किशोरी को लेकर गांव वाले थाने पहुंच गए। थाने पहुंची सोनम के शरीर पर चोट के निशान देख पुलिस व डॉक्टरों ने हैरानी जताई। संवाद
-
- थाना क्षेत्र के ललितापुर गांव निवासी किशोरी ने भाभी के खिलाफ चार दिनों से कमरे में बंद कर पीटकर कमरे में कैद रखने की तहरीर दी है। पीड़िता को जिला अस्पताल भिजवाया है। मामले में जांच की जा रही है। - प्रदीप चतुर्वेदी, प्रभारी निरीक्षक, भमोरा