रजत विहार कॉलोनी में रास्ता बंद कर दीवार लगाने का आरोप डीएम के ड्राइवर और आईवीआरआई के कर्मचारी पर लगा है। मंगलवार को कॉलोनी के कई लोग नारेबाजी करते कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को ज्ञापन देकर ड्राइवर पर आरोप लगाए। डीएम ने एसडीएम से जांच कराने की बात कहकर इन लोगों को भेज दिया।
पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला के साथ रजत विहार और इससे सटी जन आदर्श कॉलोनी के लोग मंगलवार दोपहर डीएम से मिले। उनके नए पड़ोसी ने उन लोगों के रास्ते को बंद करके दीवार लगा दी है। डीएम को बताया कि वह व्यक्ति खुद को उनका ड्राइवर बताकर रौब झाड़ता है। आईवीआरआई का एक कर्मचारी भी उसका मददगार है।
उन लोगों से मारपीट की गई। वह इज्जत नगर थाने में शिकायत करने गए तो चीता पुलिस ने खड़े होकर दीवार लगवा दी। अवैध तरीके से बनाई दीवार को तुड़वाने का आदेश दें। डीएम ने कहा कि वह जांच कराएंगे कि निर्माण सही हो रहा है या गलत, जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करेंगे।