बरेली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो गईं। पहले दिन 10वीं की इंग्लिश कम्युनिकेटिव, लैंग्वेज एंड लिटरेचर विषय की परीक्षा हुई। प्रश्नपत्र आसान रहा, जिसे परीक्षार्थियों ने समय से पहले हल कर लिया। विद्यार्थियों ने बेहतर अंक मिलने की उम्मीद जताई है।
परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे था, पर नौ बजे से ही केंद्रों पर छात्र-छात्राओं का प्रवेश शुरू हो गया। कई अभिभावक अपने बच्चों को लेकर सुबह नौ बजे से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए। सघन जांच के बाद उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया गया। केंद्रों के अंदर भी कड़ी निगरानी रही।
पहली बार सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा होने से परीक्षार्थी भी सजग रहे। परीक्षा के बाद केंद्र से बाहर निकले विद्यार्थियों ने अनुभव साझा किए। पेपर को आसान बताते हुए कहा कि समय से पहले ही हल कर लिया था। कुछ सवालों को घुमावदार भी बताया। सिटी कोऑर्डिनेटर वेद मिश्रा के मुताबिक 10वीं में पंजीकृत 8,551 के सापेक्ष 8,495 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। 12वीं के तीनों छात्र परीक्षा में शामिल हुए। अमर उजाला ब्यूरो