श्यामगंज फ्लाईओवर शुरू कराने का क्रेडिट लेने की होड़ संडे का खत्म हो जाएगी। शासन ने ब्रिज का उद्घाटन कराने को हरी झंडी दे दी है। कमिश्नर ने कहा है कि उद्घाटन रविवार दोपहर 12 बजे होगा।
शासन से मिले निर्देशों के बाद स्थानीय प्रशासन श्यामगंज फ्लाईओवर रविवार से शुरू करने की कवायद में जुट गया है। हालांकि रविवार को प्रस्तावित कार्यक्रम से कार्यदायी संस्था सेतु निगम पूरी तरह अनभिज्ञ है। कमिश्नर पीवी जगनमोहन ने बताया कि शासन ने रविवार से पुल शुरू कराने को कहा है, इसलिए ब्रिज पर ही औपचारिक कार्यक्रम होगा। कमिश्नर ने कहा है कि स्थानीय मंत्रिगण और सभी विधायक मौजूद रहेंगे। इससे उद्घाटन की राजनीति पर भी विराम लग जाएगा। बता दें, पुल शुरू कराने के लिए सपा के बाद भाजपाई भी क्रेडिट की होड़ में थे।