बरेली। उप निदेशक कृषि ने सात लेखपालों समेत 10 लोगों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फाॅर्मर रजिस्ट्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में गैरहाजिर रहने और कार्य की प्रगति कम होने पर हुई है।
24 जनवरी को एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह ने अर्बन हाट सभागार में डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फाॅर्मर रजिस्ट्री के कार्य की समीक्षा बैठक की थी। इसमें कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक यज्ञदेव शर्मा, प्रदीप कुमार यादव व तकनीकी प्रबंधक आत्मा प्रेमबाबू गैरहाजिर रहे थे। लेखपालों में फरीदपुर के कमल गंगवार, सुशील कुमार व आंवला के वीरपाल, राम कुमार, उमाशंकर और तनवीर के साथ ही बहेड़ी तहसील के लेखपाल मो. रिजवान भी बैठक में नहीं आए थे। इन लोगों के डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फाॅर्मर रजिस्ट्री कार्य में प्रगति भी कम पाई गई थी, जिस पर उप निदेशक कृषि हिमांशु पांडेय ने इन सभी कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उप निदेशक ने कहा है कि संबंधित इन कर्मियों ने अगले तीन दिनों में आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष पूर्ति नहीं की जाती है तो वेतन अवरुद्ध कर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। संवाद