शाही। हाईटेंशन लाइन का खंभा तोड़कर भागने वाले ट्रक चालक के खिलाफ पुलिस ने बृहस्पतिवार को सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धारा में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने ट्रक को थाने में खड़ा करा लिया है।
पुलिस के अनुसार, धनेटा-शीशगढ़ रोड पर बुधवार की शाम करीब पांच बजे मकड़ीखोए गांव के नजदीक कस्बा स्थित बिजली उपकेंद्र को जाने वाली हाईटेंशन लाइन के खंभा में ट्रक ने टक्कर मारकर तोड़ दिया, जिससे कस्बा सहित 50 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति करीब चार घंटे बाधित रही। अधिकारियों के पहुंचने के बाद ट्रक चालक ट्रक को लेकर पुलिस के बैरियर तोड़ते हुए भाग गया। पुलिस के पीछा करने के बाद ट्रक को शीशगढ़ में पकड़ लिया। चालक मौका देखकर भाग गया। बिजली निगम के जेई रामदेव वर्मा ने पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश बैसला ने बताया कि शिकायती पत्र के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद