बरेली। बरेली सिटी-काशीपुर डेमू ट्रेन सोमवार सुबह बर्निंग ट्रेन बनने से बच गई। इज्जतनगर से पांच किलोमीटर आगे करमपुर-नगरिया कलां के बीच पहुंची पीछे लगे डीजल इंजन में शाॅर्ट सर्किट हो गया। इंजन से डीजल का रिसाव भी हो रहा था। इससे इंजन और उसके पास की बोगियों में धुआं भरने लगा। इससे यात्रियों में खलबली मच गई। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। ट्रेन रुकते ही तमाम यात्री कोच से उतरकर बाहर आ गए। आग पर काबू पाने और शाॅर्ट सर्किट को दुरुस्त करने में 35 मिनट लगे। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
05401 बरेली सिटी-काशीपुर डेमू ट्रेन बरेली सिटी से सोमवार सुबह 7:45 बजे रवाना हुई। दोहना स्टेशन से पहले करमपुर-नगरिया कलां के बीच ट्रेन के पीछे लगे इंजन में शाॅर्ट सर्किट हो गया। डीजल रिसाव की वजह से लपटें उठने लगीं। इंजन समेत कोचों में घुआं भरने से यात्री दहशत में आ गए। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लेकर ट्रेन रोकी। इसके बाद लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और गार्ड ने ट्रेन में रखे अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाया।
सूचना इज्जतननगर कंट्रोल रूम को दी गई। इज्जतनगर से डीजल लोको और इलेक्टि्रक विभाग का स्टाफ मौके पर पहुंचा। यहां इंजन की जांच और वायरिंग ठीक करने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। हादसे के कारण सोमवार को यह ट्रेन एक घंटे की देरी से सुबह 9:10 बजे दोहना पहुंची।
पहले भी हो चुकीं घटनाएं
इससे पहले 21 जुलाई 2024 को 04303 बरेली-दिल्ली पैसेंजर के कोच में चंदौसी-मुरादाबाद रेलखंड के गुमथल स्टेशन के पास धुआं उठा था। हालांकि, यह घटना अग्निशमन सिलिंडर में रिसाव के कारण हुई थी। 13 अगस्त 2024 को 13006 अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल के कोच में आग लगने की अफवाह फैली थी। यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को बहगुल नदी के पुल पर रोक दिया था। इस दौरान तमाम यात्री जान बचाने के लिए कूदे तो कई लोग घायल भी हो गए थे। 13 नवंबर 2023 को 15910 अवध-असम एक्सप्रेस जंक्शन पर आई तो बीड़ी के कारण उसके कोच नंबर एस-2 से लपटें उठने लगी थीं। इस दौरान भी ट्रेन से कूदने के दौरान कई यात्री घायल हुए थे।
तकनीकी टीम करेगी जांच
प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया है कि डेमू ट्रेन के पीछे लगे इंजन की वायरिंग ठीक नहीं थी। इंजन से डीजल का रिसाव होने की बात भी सामने आई है। इसकी जांच के लिए डीजल लोको और इलेक्टि्रक विभाग की संयुक्त टीम बना दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि एक जनवरी से बरेली सिटी-काशीपुर के बीच डेमू ट्रेन का संचालन शुरू हुआ था।
बरेली सिटी-काशीपुर डेमू ट्रेन के पीछे लगे इंजन में शाॅर्ट सर्किट के कारण धुआं उठा था। आग लगने जैसी कोई बात नहीं है। मामले की जांच कराई जा रही है। डीजल रिसाव के मामले की भी जांच कराई जा रही है। - राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल
संवाद