फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: सज गईं दुकानें, जगमग हुआ रामगंगा का तट

Sun, 22 Nov 2026 11:26 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। कार्तिक पूर्णिमा के उपलक्ष्य में रामगंगा नदी के चौबारी तट पर 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले चौबारी मेले की तैयारियां पूरी हो गई हैं। इस बार मेले में एक हजार दुकानें लगने का अनुमान है। दुकानदारों ने पहले ही पहुंचकर अपनी जगह बना ली है और अधिकतर दुकानें सज भी चुकी हैं। झूले भी लगकर तैयार हो गए हैं। चाट-पकौड़ी, शृंगार के सामान, ढोलक, बक्सा, सिलबट्टा और फोटो स्टूडियो की दुकानें सजाई जा रही हैं। शाम होते ही रामगंगा का तट झिलमिल रोशनी से जगमग हो रहा है।
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान की परंपरा के चलते रामगंगा घाट पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। मेले में पहुंचने वाले व्यापारियों को भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। फतेहगंज पूर्वी से आए दुकानदार अजय ने बताया कि वह ढोलक लेकर मेले में आए हैं। यहां से लोग पूरे वर्ष इस्तेमाल होने वाली जरूरत की चीजें खरीदकर ले जाते हैं। ढोलक की भी अच्छी मांग रहती है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। मेला कमेटी से जुड़े प्रदीप शर्मा ने बताया कि मेले में पाॅलीथिन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि दुकानों, झूलों और मनोरंजन के साधनों की दर सूची तैयार कर प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर लगाई जाएगी।
विज्ञापन

आवागमन को सुगम बनाने के लिए मुख्य द्वार को चौड़ा कराया जाएगा और वाहनों की पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था होगी। निगरानी के लिए वाॅच टावर और बैरियर बनाए जाएंगे। 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी। घाटों पर हर 100 मीटर की दूरी पर 10 सर्च लाइटें लगाई जाएंगी और गोताखोर भी मुस्तैद रहेंगे।
अभियान चलाकर कर रहे जागरूक
मां गंगा बचाओ वेलफेयर सोसाइटी की ओर से रविवार को रामगंगा चौबारी घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं एवं दुकानदारों को पॉलिथीन का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान डॉ. रजनीश सक्सेना, राकेश कुमार अग्रवाल, वीपी खंडेलवाल, संतोष उपाध्याय आदि मौजूद रहे। हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स की टोलियों ने मेले में विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर दुकानदारों को पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
चार बेड का अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनेगा
मेला क्षेत्र में 80 सफाई कर्मचारियों की तैनाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मी भी लगाए जाएंगे। रास्तों पर कूड़ेदान रखने के साथ ही जगह-जगह शौचालय स्थापित किए जाएंगे। घाट पर महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए 10 बूथ बनाए गए हैं। पेयजल के लिए 125 हैंडपंप लगाए गए हैं। मेले में चार बेड का अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनेगा, जहां एक पुरुष और एक महिला डॉक्टर समेत अन्य स्टाफ मौजूद रहेगा। दो एंबुलेंस भी तैनात रहेंगी। नखासे में नस्लों के घोड़े बिक्री के लिए पहुंच रहे हैं।
आज सजेगी काव्य की महफिल
चौबारी मेले में सोमवार को रामगंगा घाट पर कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन एवं मेला कमेटी के सहयोग से राकेश लोक चेतना संस्था की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम शाम छह बजे से शुरू होगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें