बरेली। गांधी उद्यान के पास महिला को गोली लगने की घटना में स्थिति काफी हद तक साफ हो गई है। महिला के विरोधाभासी बयानों से पुलिस को खुलासे की डगर मिल गई है। कुछ लोगों की गिरफ्तारी के बाद बुधवार को मामले का खुलासा हो सकता है।
गांधी उद्यान से डूडा दफ्तर रोड पर महिला को गोली लगने के मामले में नई जानकारियां सामने आ रही हैं। घटना शुरू से ही संदिग्ध लग रही थी। अब जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पता लगा है कि घटनाक्रम जैसा बताया गया, वैसा बिल्कुल नहीं है। चार-पांच शातिर लोगों की सुनियोजित साजिश के तहत सब किया गया। सूत्रों के मुताबिक पहले दुष्कर्म की घटना में अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट करानी थी, फिर कोर्ट में आरोपियों को नामजद कराना था।
ऐसा करके कुछ दुश्मनों को ठिकाने लगाने और वसूली करने की योजना थी। मौके के सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस की जांच में सब साफ हो गया। महिला के मोबाइल को ट्रेस करके भी पुलिस ने कुछ लोगों के नाम-पते हासिल किए हैं। पुलिस की टीम उनके घरों पर दबिश दे रही है। आरोपी घरों से भाग गए हैं। इंस्पेक्टर कोतवाली अमित पांडेय ने बताया कि इनमें से दो को गिरफ्तार करने पर पुलिस ज्यादा जोर दे रही है। मंगलवार शाम या बुधवार सुबह तक खुलासा कर दिया जाएगा। इधर, महिला का सीटी स्कैन कराया गया है। ऑपरेशन से उसके कॉलर बोन में फंसी गोली निकलवाई जाएगी। ब्यूरो