बरेली। मंदिरों के कपाट खुलने के समय श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ होने और भगदड़ की स्थिति से निपटने के लिए थानाध्यक्ष अतिरिक्त सतर्कता बरतें। मंदिर प्रबंधन समिति से बातचीत कर आने-जाने वाले रास्तों की निगरानी कराते हुए थानाध्यक्ष सभी आवश्यक इंतजाम करें। यह निर्देश एसएसपी अनुराग आर्य ने बुधवार को वर्चुअल मीटिंग में दिया। उन्होंने कहा कि कावंड़ यात्रा को लेकर प्रत्येक स्तर पर पुलिस संवेदनशीलता बरते।
एसएसपी ने कहा कि सभी राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के सभी मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा के कड़े प्रबंध करें। संवेदनशील स्थलों पर पुलिस कर्मियों को तैनात कर उन्हें उनकी ड्यूटी के बारे में ब्रीफ करें। नगर क्षेत्र के सभी थानों और फरीदपुर व सिरौली थाने को पुलिस लाइंस से महिला रिक्रूटों की एक-एक टोली आवंटित की गई है। कांवड़ के जत्थों की संख्या अत्यधिक होने पर ट्रैफिक डायवर्जन ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मी थानों की पुलिस का भी सहयोग लें। कांवड़ जत्थों में चलने वाले वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित करने के लिए संवेदनशील पॉइंट्स पर बैरिकैडिंग कराने के साथ ही ड्रम वगैरह रखवाए जाएं। ब्यूरो
ड्रोन उड़ने की सूचना का मौके पर जाकर खंडन करें
एसएसपी ने कहा कि ड्रोन उड़ने वाली अफवाहों पर नियंत्रण के लिए थानाध्यक्ष क्षेत्र में प्रभावी गश्त कर जनता को जागरूक करें। डायल 112 की टीमें ड्रोन उड़ने की सूचना प्राप्त होने पर मौके पर जाकर अफवाह का खंडन करें। ताकि आमजन में भय की स्थिति न उत्पन्न न होने पाए।