Is part of the war on terror Notbandi
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
भाजपा के शहर युवा सम्मेलन में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और आईएमसी अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां को जेल भिजवाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के घोटालों के शिवपाल सिंह को जेल भिजवाया जाएगा। और धार्मिक भावनाएं भड़काने के लिए मौलाना तौकीर रजा खां को जेल भेजेंगे।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि राजेश यादव ने भाजपा ज्वाइन करने वाले छात्र नेता वैभव गंगवार को नवाबगंज विधायक भगवत सरन गंगवार का भतीजा बताते हुए कहा कि अभी तो उनका भतीजा बगावत करके भागा है, जिस दिन भाजपा की सरकार बनेगी, उस दिन सब भागेंगे। बोले, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भैया नहीं हैं, भाई नहीं हैं- भाईजान हैं। बसपा ने डेढ़ सौ मुस्लिम प्रत्याशी उतारे तो उन्हें चिंता होने लगी। अपने पिता से कहकर सपा से पौने दो सौ मुस्लिम प्रत्याशी उतरवा दिए। ऐसी तुष्टिकरण की राजनीति से ही देश का बंटवारा हुआ था। सपा के नेता न समाजवादी हैं, न लोहियावादी ये कुनबापरस्त हैं। कुनबे के 40 लोग लालबत्ती लेकर घूम रहे हैं। 280 एकड़ में फैला रामवृक्ष इन्होंने ही पैदा किया। सम्मेलन में कैंट विधायक राजेश अग्रवाल ने कहा कि युवा सचेत नहीं रहे तो एक अफवाह से बहुत कुछ हो जाएगा, जैसे नमक ढाई सौ से पांच सौ रुपये किलो बिक गया। इसका प्रतिरोध करना चाहिए था। शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार बोले- जनता मुलायम और मायावती से छुटकारा पाने को तैयार है। पार्टी के महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया, दुर्विजय सिंह शाक्य, तेजेश्वरी सिंह, राकेश गुप्ता, शिवप्रताप रिंकू, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, यतिन भाटिया, कमल चतुर्वेदी, रामगोपाल मिश्रा, गुलशन आनंद, रवि रस्तोगी, प्रशांत पटेल और नेमचंद्र मौर्य आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सम्मेलन संयोजक प्रतेश पांडेय ने आभार जताया।