फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: जयकारों से गूंजे शिवालय, गंगधार से तर हुए गंगाधर

Tue, 04 Aug 2026 01:24 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। सावन के पहले सोमवार को शहर शिवभक्ति में लीन रहा। सुबह से ही नाथ मंदिरों समेत सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। भक्तों ने बाबा भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक और दर्शन कर आशीर्वाद लिया। दिनभर सातों नाथ मंदिर जयकारों से गूंजते रहे।
विज्ञापन


इस अवसर पर मंदिरों में भगवान शिव का भव्य शृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, पुष्प, चंदन, फल और मिष्ठान्न अर्पित कर पूजा-अर्चना की। दुग्ध और गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। पूरे दिन शहर में हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयकारे गूंजते रहे। अलखनाथ मंदिर में आधी रात के बाद से ही जलाभिषेक शुरू हो गया था। मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। भक्तों ने शिव चालीसा और आरती का पाठ किया। बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में रात दो बजे से ही भक्तों का तांता लगा रहा।
त्रिवटीनाथ मंदिर के मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि आरती के बाद भक्तों के लिए कपाट खोले गए। रात से शुरू हुआ जलाभिषेक शाम तक जारी रहा। भाजपा ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, महापौर उमेश गौतम और महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने मंदिर में जलाभिषेक किया। अतिथियों ने नवनिर्मित मां जगदंबा भवानी मंदिर का अवलोकन किया। शाम को महाआरती की गई।
विज्ञापन

जोगी नवादा स्थित बाबा वनखंडीनाथ मंदिर में भक्तों ने 108 शिवलिंग पर अभिषेक किया। कछला से जल लेकर लौटे कांवड़ियों ने भी जलाभिषेक किया। आनंद आश्रम रामपुर बाग में सहस्र लिंगेश्वर शिवलिंग शिवालय में रुद्राभिषेक किया गया, जिसे पंडित सचिन शर्मा ने संपन्न कराया। सुभाषनगर के तपेश्वरनाथ मंदिर, कैंट के धोपेश्वरनाथ मंदिर और पशुपतिनाथ मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। महिला कांवड़ियों ने भी कछला से जल लाकर अभिषेक किया।
पीस कमेटी ने बरसाए फूल

बरेली। पीस कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से पुराने शहर स्थित बाबा बनखंडी नाथ मंदिर के पास कांवड़ियों का स्वागत किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नदीम इकबाल ने टीम के साथ कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में मनमोहन सिंह तनेजा, डॉ. सैयद शहाबुद्दीन, डॉ. हफीज खान, हाजी सैयद सलमान, मोंटू खान, रहीम खान आदि मौजूद रहे।

आश्रय स्थल पर स्वास्थ्य शिविर लगाए

बरेली। सावन में कांवडियों को स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने के लिए शहर के सात नाथ मंदिर समेत मुख्य मार्गों पर बने आश्रय स्थल पर शिविर लगाए गए। मरीजों को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद रोगों से बचाव के लिए जरूरी परामर्श और दवाएं दीं। नोडल डॉ. अजमेर सिंह के मुताबिक सभी शिविर में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और एक सहयोगी कर्मचारी शामिल रहा। यूपीएचसी सीबीगंज के शिविर में इलाज को पहुंचे लोगों में डिहाइड्रेशन, बुखार, सांस संबंधी समस्या के रहे। यहां पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कांवड़ नहीं ला सके तो डाकघर से लें गंगोत्री का गंगाजल

बरेली। सावन के पहले सोमवार को प्रधान डाकघर ने गंगोत्री से लाए गए पवित्र गंगाजल की बिक्री शुरू कर दी है। यह सुविधा उन श्रद्धालुओं के लिए है जो किसी कारणवश कांवड़ यात्रा पर नहीं जा पाते। वे अब डाकघर से गंगाजल खरीदकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकते हैं।वरिष्ठ पोस्टमास्टर अरुण कुमार ने बताया कि शनि मंदिर परिसर में गंगाजल बिक्री का शिविर लगा है। सावन के पहले दिन ही श्रद्धालुओं ने इस सुविधा को उत्साह के साथ अपनाया। सोमवार को गंगोत्री के पवित्र गंगाजल की 46 बोतलों की बिक्री हुई। डाक विभाग का कहना है कि सावन भर गंगाजल उपलब्ध रहेगा। इससे उन लोगों को विशेष सुविधा मिलेगी जो कांवड़ यात्रा नहीं कर पाते। आने वाले दिनों में इसकी मांग बढ़ने की संभावना है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें