बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने 130 करोड़ रुपये की लागत से सेटेलाइट बस अड्डे से बैरियर दो तक सड़क के चौड़ीकरण की तैयारी तेज कर दी है। इसमें बाधक बन रहीं सड़क के दोनों ओर स्थित उच्च और निम्न क्षमता की बिजली लाइनों को हटाने पर 18.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 33 केवी की छह विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग के लिए 7.77 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। 11 केवी की तीन लाइनों और एलटी बिजली लाइनों के स्थानांतरण पर 11.16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विद्युत लाइनों को हटाने की इस कवायद से सड़क चौड़ीकरण की सभी बाधाएं दूर हो जाएंगी और निर्माण कार्य बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सकेगा। प्राधिकरण ने बिजली लाइनों की शिफ्टिंग से जुड़े इन दोनों कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया की समय सारणी भी घोषित कर दी है। 30 जून को इसके लिए निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी, जबकि ठीक अगले दिन यानी एक जुलाई को टेंडर खोल दिए जाएंगे। कार्य की तकनीकी जटिलता, संवेदनशीलता और उच्च लागत को ध्यान में रखते हुए बीडीए ने इस कार्य के लिए कड़े मानक तय किए हैं। दोनों ही परियोजनाओं के लिए ए प्लस श्रेणी की अनुभवी और कुशल फर्मों को ही निविदा में भाग लेने का मौका मिलेगा, ताकि कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके।
आसान होगा आवागमन, जाम से मिलेगी निजात
पीलीभीत रोड को शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण रूटों में गिना जाता है। यहां से रोजाना औसतन 30-35 हजार वाहनों का आवागमन होता है। सड़क चौड़ीकरण का यह कार्य पूरा होने के बाद न केवल इस पूरे इलाके में यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि स्थानीय निवासियों और राहगीरों को वर्षों से लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से भी निजात मिल जाएगी।
वर्जन
विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू की गई है। टेंडर की प्रक्रिया संपन्न होते ही शिफ्टिंग का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद चौड़ीकरण का काम शुरू होगा। - डॉ. ए मनिकंडन, उपाध्यक्ष, बीडीए