चौड़े बॉर्डर वाली साड़ियां और राजस्थानी लहंगे बने पहली पसंद, कुर्ता-पायजामा की भी बढ़ी मांग
बरेली। आज से शुरू होने वाली सहालग के लिए बाजार गुलजार हैं। पिछले कई दिनों से लोगों ने सहालग के लिए सूट, साड़ी, शेरवानी, लहंगा आदि की खरीदारी शुरू कर दी है। सहालग के दौरान इसमें और इजाफा आएगा।
शहर के प्रमुख बाजारों में मंगलवार को आम दिनों से ज्यादा भीड़ देखने को मिली। कपड़ा कारोबारी रामदयाल ने बताया कि चार फरवरी से 22 फरवरी तक सहालग रहेगी। इस वजह से भीड़ बढ़ी है।
महिलाओं को एक बार फिर से चौड़े बॉर्डर वाली साड़ियां पसंद आ रही हैं। युवतियां राजस्थानी लहंगा पसंद कर रही हैं। पुरुषों में इंडो-वेस्टर्न, कुर्ता-पायजामा, वेसकोट, सूट आदि की मांग बढ़ी है। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण लोगों को कपड़े खरीदने में असमंजस हो रहा है।
बरातघर बुक, ब्यूटी पार्लरों में बुकिंग जारी
बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपेश अग्रवाल ने बताया कि सहालग को लेकर तैयारियां पूरी हैं। बुधवार को बहुत शादियां हैं। शहर में 300 होटल और 250 से अधिक बरातघर है, इनमें से अधिकतर बुक हैं। इस सहालग सीजन में 60 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। बरातघर संचालकों ने खाने-पीने से लेकर मंच सज्जा, दूल्हा-दुल्हन की एंट्री समेत कई पैकेज बुक कर रखे हैं। वहीं, ब्यूटी पार्लरों में दुल्हन को सजाने के लिए एडवांस बुकिंग की जा रही हैं। संवाद