बरेली। मनोहर भूषण इंटर कॉलेज की ओर से आयोजित जनपदीय विद्यालयी तैराकी प्रतियोगिता शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित तरणताल में हुई। इसमें जिले के 11 विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के अंडर- 19 वर्ग में 200 मीटर फ्रीस्टाइल और 400 मीटर फ्रीस्टाइल में शनि कुमार व 50 मीटर फ्रीस्टाइल में यशवर्धन प्रथम स्थान पर रहे। अंडर-17 वर्ग के 100 मीटर फ्रीस्टाइल में रतन चकमा, 200 मीटर फ्रीस्टाइल में अमन कुमार सिंह, 50 मीटर फ्रीस्टाइल में गुल हसन, राहुल कुमार विजयी रहे। वहीं अंडर-14 के 200 मीटर फ्रीस्टाइल में उर्वांश ने जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में विजयी छात्रों को जिला क्रीड़ा सचिव नईम अहमद व डॉ. आरबी तिवारी ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसमें एमजीएम कॉलेज बहेड़ी, राजकीय इंटर कॉलेज बरेली, कंपोजिट विद्यालय सुंदरी, इस्लामिया इंटर कॉलेज, गुलाबराय इंटर कॉलेज, विष्णु इंटर कॉलेज, खालसा इंटर कॉलेज, गुरु गोविंद सिंह इंटर कॉलेज, राजकीय हायर सेकंडरी स्कूल दलपतपुर आदि के छात्रों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन डॉ. मनोज कुमार ने किया। संचालन क्रीड़ा अध्यक्ष डॉ. आरबी तिवारी ने किया। इस दौरान अमित कुमार गोयल, अनुज कुमार सिंह, आदेश सिंह, कमल तिवारी, गौरव वशिष्ठ, सुमित कुमार, राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद