नवाबगंज नगर पालिका परिषद की नव निर्वाचित अध्यक्ष शहला ताहिर को शपथ दिलाने के संबंध में हाईकोर्ट के आदेश की प्रति गुरुवार को शहला के वकील लवलेश पाठक ने एडीएम (प्रशासन) को रिसीव करा दी। प्रशासन को अब शपथ दिलाने के संबंध में औपचारिक फैसला करना है। हालांकि हाईकोर्ट अपने आदेश में शपथ दिलाने के लिए 17 जनवरी की तिथि तय कर चुका है।
उधर, एसएसपी ने शहला के खिलाफ दर्ज मुकदमों की विस्तृत रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। दरअसल, डीएम ने एसएसपी से शहला के खिलाफ दर्ज मामलों के बारे में जानकारी मांगीी थी। एसएसपी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि शहला के खिलाफ पीलीभीत के सुनगढ़ी थाने में दर्ज मामले के संबंध में वहां के एसपी से भी जानकारी ले ली जाए।
शहला के खिलाफ दर्ज हैं ये मुकदमे
नवाबगंज कोतवाली
- अपराध संख्या 124/1999 पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इस मुकदमे में शहला के खिलाफ आरोप पत्र भी न्यायालय में दाखिल हो चुका है।
- अपराध संख्या 158/2001 पर धारा 175, 186 और 406 के खिलाफ शहला ताहिर के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत है। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
- मीनाक्षी गंगवार पत्नी आशुतोष कुमार, माया हॉस्पीटल, बिजौरिया रोड नवाबगंज की ओर से चार जून, 2011 को बलवा, मारपीट और लूटपाट आदि की धाराओं में शहला ताहिर और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इस मामले में भी आरोप पत्र दाखिल हो चुका है।
- अपराध संख्या 164/2017 पर धारा 420 के तहत शहला ताहिर के खिलाफ मामला दर्ज है।
- अपराध संख्या 628/2017 पर बलवा, जानलेवा हमला करने के आरोप आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इस मामले में शहला ताहिर समेत 27 नामजद और 50 अज्ञात लोग शामिल हैं।
- अपराध संख्या 07/2018 पर धारा 143/124 ए में मुकदमा दर्ज है। यह मामला शहला के जुलूस में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने पर दर्ज हुआ है।
पीलीभीत
- अपराध संख्या 33/2003 पर धोखाधड़ी के मामले में पीलीभीत के सुनगढ़ी थाने में मुकदमा दर्ज है। इस मामले में शहला के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी है।