बरेली। प्रदेश में सबसे ज्यादा सड़क हादसे शाहजहांपुर में हो रहे हैं। परिवहन विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। बरेली मंडल के अन्य तीनों जिलों की स्थिति ठीकठाक है।
परिवहन विभाग की ओर से जनवरी से अगस्त 2026 के बीच होने वाले सड़क हादसों का ब्योरा देने के साथ ही जिलावार रैंकिंग भी जारी की है। सड़क दुर्घटनाओं के मामले में बरेली की स्थिति में सुधार हुआ है। प्रदेश के 75 जिलों में बरेली 62वें, पीलीभीत 55वें, बदायूं 38वें और शाहजहांपुर पहले स्थान पर है।
जनवरी से अगस्त 2025 के मुकाबले इस वर्ष के आठ माह में सड़क हादसों में 9.7 और मृतकों की संख्या में 8.3 प्रतिशत की कमी आई है। दूसरी ओर शाहजहांपुर में 11.6 फीसदी सड़क हादसों और मृतकों की संख्या में 26.2 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
सड़क दुर्घटनाओं और मृतकों व घायलों की संख्या में बरेली 2024-25 तक प्रदेश के टॉप 20 जिले में शामिल था। अब इसमें सुधार हुआ है। जनवरी से 31 अगस्त 2025 तक बरेली में 639 सड़क हादसों में 289 लोगों ने जान गंवाई और 579 लोग घायल हुए। इस बार यह आंकड़ा 577 हादसों में 265 लोगों की मौत और 516 लोगोंं के घायल होने का है।
शाहजहांपुर में पिछले साल इस अवधि में 603 हादसों में 305 लोगों की मौत हुई और 440 लोग घायल हुए। इस बार 672 हादसों में 385 लोगों की जान गई और 496 लोग घायल हुए। पिछले साल जनवरी से अगस्त तक पीलीभीत में 346 हादसों में 192 लोगों की जान गई और 274 लोग घायल हुए। इस वर्ष आठ माह में 364 सड़क हादसों में 148 लोगों की जान गई और 348 लोग घायल हुए। पीलीभीत में सड़क हादसे 5.2 फीसदी बढ़े हैं, लेकिन पिछले साल की तुलना में मरने वालों की संख्या इतनी ही गिरी है।
बदायूं की स्थिति में भी ज्यादा सुधार नहीं हुआ है। पिछले साल यहां 425 हादसों में 274 लोगों की मौत हुई और इस बार 463 हादसों में 275 लोगों की जान गई। पिछले साल 348 जबकि इस वर्ष 426 लोग घायल हुए।
नहीं हो सकी एआरटीओ रोड सेफ्टी की तैनाती
प्रदेश के सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाओं वाले मंडल और जिलों में एआरटीओ (रोड सेफ्टी), एमवीआई (मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर) व एएमवीआई (असिस्टेंट मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर) की तैनाती प्रस्तावित है। 2025 में प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 45 ऐसे जिलों का चयन किया था जहां सबसे ज्यादा हादसे होते हैं और लोगों की जान जाती है, मार्च 2025 तक नए पदों पर तैनाती का दावा किया गया था, लेकिन अब तक बरेली मंडल के किसी भी जिले में इन पदों पर तैनाती नहीं हो सकी है।
बरेली में दुर्घटना संभावित स्थान
- देवरनिया रोड से मीरगंज तक।
- तिलक इंटर कॉलेज से बहेड़ी तक।
- फतेहगंज पूर्वी से बरेली तक।
- मोहनपुर से मौसमी रिसॉर्ट रिठौरा रोड तक।
- रिझौला से श्रीराम फार्म बरेली तक।
वर्जन :
जनवरी से अगस्त 2026 तक हुईं सड़क दुर्घटनाओं के तुलनात्मक आंकड़ों में शाहजहांपुर की स्थिति ने निराश किया है। बरेली और पीलीभीत की स्थिति में कुछ सुधार है। सड़क हादसे कम करने के लिए चारों जिलों में नए सिरे से कार्ययोजना पर प्रभावी ढंग से काम किया जाएगा। - प्रणव झा, आरटीओ प्रवर्तन