बरेली। प्रेमनगर थाना पुलिस ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। वह बंद घरों को निशाना बनाता था। पुलिस ने उसके पास से चोरी का सामान बरामद किया है। रविवार दोपहर न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि रविवार सुबह लोको कॉलोनी पुरानी रेलवे लाइन के नजदीक से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से चोरी की एक बाइक, मोबाइल फोन व 60 हजार रुपये बरामद हुए। बाद में पता चला कि मोबाइल फोन भी चोरी का था। जो रुपये बरामद हुए हैं, वह भी चोरी का सामान बेचकर लाया था।
पूछताछ में उसने अपना नाम ईंट पजाया चौराहा निवासी शाबिर बताया। कबूल किया कि उसने 26 अप्रैल 2024 को नरकुलागंज में कमल किशोर सोमानी के घर से चोरी की थी। इसके अलावा सात जुलाई 2020 को रामा मेडिकोज मैकनियर रोड निवासी रितेश मोहन के घर को खंगाल लिया था।
शाबिर के खिलाफ 24 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अधिकतर चोरी के हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि शाबिर बंद घरों को निशाना बनाता था। संवाद