भोजीपुरा। एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली युवती को शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। जब युवती के परिजनों ने शादी कर दी तो युवक ने अश्लील वीडियो पति को दिखाकर तलाक दिलवा दी। भोजीपुरा पुलिस ने कप्तान के आदेश पर नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक अनवर रजा ने पड़ोस में रहने वाली एक युवती को शादी करने का झांसा देकर अवैध संबंध स्थापित कर लिए। युवती की मर्जी के खिलाफ अश्लील वीडियो भी बना ली। जब युवती ने शादी की बात रखी तब अनवर रजा व उसके परिवार वालों ने शादी करने से इंकार कर दिया। युवती के परिवार वालों ने पिछले वर्ष 24 सितंबर को युवती की शादी कर दी।
आरोप है कि अनवर रजा ने युवती की अश्लील वीडियो उसके पति को दिखाई और धमकी दी कि तलाक नहीं दी तो जान से हाथ धोना पड़ जाएगा। इसके बाद युवती को तलाक देकर घर से निकाल दिया गया। युवती मायके में आई। उसने शिकायत कर अनवर रजा के परिजनों से उसकी शादी कराने को कहा। इससे गुस्साए युवक के परिजनों ने युवती की पिटाई कर दी। युवती ने एसएसपी को घटना की शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए। प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। संवाद