ब्रागटान मोहल्ले और आजमनगर में समस्या
बरेली। शहर में वार्डों की हालत पहले से ही खराब बनी हुई है। वहीं मोहल्ले के लोग आए दिन जलभराव और गंदगी से परेशान है। इस समय मोहल्ला ब्रागटान और आजमनगर में सीवर का गंदा पानी लोगों के घरों में पहुंच रहा है। इसे लेकर लोगों ने नगर निगम में शिकायत भी की है।
मोहल्ला ब्रगटान के अजहर मुराद और बिलाल कुरैशी ने बताया कि मोहल्ला बाग ब्रगटान गली नंबर चार में सीवरलाइन चोक है। सीवर की गंदगी उफन कर सड़क पर चल रही है, गंदा पानी नालियों में बह रहा है। वहीं से पानी की पाइप लाइन से लोगों के घरों में भी गंदा पानी पहुंचने लगा है। लोग गंदगी और बदबू से जूझ रहे हैं। कहा कि बरसात से पहले सीवर लाइन की सफाई ठीक से नहीं की गई। इसकी सिल्ट पूरी तरह से नहीं निकाली गई। इस कारण यह समस्या बनी हुई है।
मोहल्ला आजमनगर के रहने वाले शिरोज सैफ कुरैशी ने बताया कि यहां कई गलियों में पानी की समस्या भी बनी हुई है। कई गलियों में सीवरलाइन से सटी पानी की पाइपलाइन फटी हुई है। जिससे पानी की सप्लाई के समय टंकियों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। इससे मोहल्लों में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। जनसेवा टीम के पंमी खान वारसी ने दोनों मोहल्लों में नालियों और सीवर लाइन की सफाई कराने की मांग की है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सीवर लाइन चोक होने की जानकारी उन्हें नहीं है। किसी ने इस बाबत शिकायत भी नहीं कराई है। जहां भी सीवर लाइन चोक है। उसकी साफ सफाई कराई जाएगी।