कालीबाड़ी के पास खुदी पड़ी सड़क।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बारिश ने उधेड़ दी सर्विस रोड, आए दिन चोटिल हो रहे हैं दुपहिया वाहन सवार
बरेली। शहर की ज्यादातर मुख्य सड़कें तो खुदी पड़ी हैं, जो बची हैं उनकी काया बारिश ने उधेड़ दी है। कई व्यस्त सड़कों पर इस कदर गहरे गड्ढे हो गए हैं कि अगर जरा सी चूक से कोई उनमें गिर जाए तो फिर हाथ-पांव सलामत नहीं रहेंगे। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। आईवीआरआई ओवरब्रिज की उखड़ी सर्विस रोड भी राहगीरों को जख्म दे रही हैं। शासन की मंशा है सड़कें गड्ढा मुक्त हों, लेकिन यहां सिस्टम की लापरवाही से शासन की मंशा पूरी नहीं हो पा रही है। यही कारण है कि कालीबाड़ी सड़क छह महीने से अधिक समय से खुदी पड़ी है तो आईवीआरआई ओवरब्रिज की सर्विस रोड खस्ताहाल है। कुदेशिया पुल से उतरते ही सड़क पर काफी बड़ा और गहरा गड्ढा है।
स्थान- आईवीआरआई ओवरब्रिज
नैनीताल रोड पर निर्माणाधीन आईवीआरआई ओवरब्रिज की सर्विस लेन दिन ब दिन खस्ताहाल हो रही है। पूरी रोड उधड़ चुकी है। करीब डेढ़ सौ मीटर सड़क पर कोलतार का नामोनिशान तक नहीं बचा है। इसकी वजह से वाहनों के निकलने पर बजरी और छोटे पत्थर के टुकड़े उछलकर राहगीरों को घायल कर रहे हैं। सर्विस लेन बरसात से और अधिक खराब हो गई है। कई जगहों पर खतरनाक गड्ढे हो गए हैं। टूटी सड़क पर तेज गति से वाहनों के निकलने से हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थान- श्यामगंज-कालीबाड़ी रोड
श्यामगंज से कालीबाड़ी के बीच सीवर लाइन का काम पूरा किए बगैर ही जल निगम ने नगर निगम के पास भी सड़क की खुदाई शुरू कर दी है। इससे ट्रैफिक की समस्या बढ़ने के साथ ही स्थानीय लोगों और दुकानदारों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। श्यामगंज चौराहे पर पास भी सड़क की खुदाई के बाद मिट्टी का पटान कर ऐसे ही छोड़ दिए जाने से कीचड़ और दलदल परेशानी का सबब बना हुआ है। डीएम ने पिछले सप्ताह ही निर्देश दिए थे कि मिट्टी के ऊपर पत्थर डालने का काम किया जाए, लेकिन अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है। डीएम के कहने के बाद भी अभी तक पत्थर डालने का काम शुरू नहीं हो सका है।
स्थान- कुदेशिया पुल के सामने
कुदेशिया पुल के नीचे उतरते ही इज्जतनगर की तरफ सड़क पर बड़ा और गहरा गड्ढा है, लेकिन पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का ध्यान अभी तक इस ओर नहीं गया है। पुल से उतरती कोई बड़ी गाड़ी इस गड्ढे में आकर सड़क पर पलट सकती है, लेकिन जिम्मेदार शायद किसी हादसे का ही इंतजार कर रहे हैं। किसी राहगीर ने गड्ढे में एक पेड़ की टहनी डाल दी है। ताकि वाहन चालकों को गड्ढा दूर से नजर आ जाए और वे हादसे का शिकार होने से बच जाएं, लेकिन जरा सी लापरवाही किसी भी समय भारी पड़ सकती है।