बरेली। शहर में जल्द ही सड़कें खोदे बिना ही सीवर लाइन की सफाई हो सकी। ट्रेंचलेस तकनीक से सीवर लाइन की सफाई पर नगर निगम 47 लाख रुपये खर्च करेगा। इसके लिए टेंडर हो चुके हैं।
पायलट प्रोजेक्ट फिलहाल शहर के तीन हिस्सों में शुरू होगा। इनमें राजेंद्रनगर, पटेल चौक और अलखनाथ मंदिर के आस-पास का क्षेत्र शामिल है। पटेल चौक पर स्काई वॉक बनने के दौरान यहां सीवर लाइन चोक हो गई थी। पिछले तीन महीने से नगर निगम की टीम सुपर सकर मशीन के जरिये सीवर को साफ करने के प्रयास में जुटी है। मगर, सफलता हाथ नहीं लग रही।
अब ट्रेंचलेस तकनीक से सफाई करने की तैयारी है। इसमें हाई प्रेशर जेटिंग मशीन और रिमोट-कंट्रोल्ड कैमरा सिस्टम का प्रयोग किया जाता है, इससे सीवर की अंदरूनी स्थिति का आंकलन कर सफाई की जाती है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि इस काम पर 47 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी महीने नई तकनीक से सफाई शुरू कराने की तैयारी है। संवाद