स्टेडियम रोड पर सीएम ग्रिड योजना का काम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। इससे ट्यूलिप टॉवर की सीवर लाइन चोक हो गई है। सोसाइटी के लोग नगर निगम से मामले की शिकायत कर चुके हैं लेकिन उसका समाधान नहीं हुुआ। समिति के अध्यक्ष पारुष अरोड़ा ने बताया कि सीवर लाइन जाम होने से चारों ओर गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। इससे सोसायटी की आंतरिक पाइप लाइन के भी क्षतिग्रस्त होने का खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि बरसात से पहले ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त नहीं किया गया तो क्षेत्र में जलभराव के साथ-साथ डेंगू और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियां पैर पसार सकती हैं। इस समस्या को लेकर स्थानीय पार्षद और संबंधित जूनियर इंजीनियर को कई बार सूचित किया जा चुका है, लेकिन अब तक निगम की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश ने बताया कि मामले को दिखवाकर समाधान कराया जाएगा।