कुत्तों के बधियाकरण के लिए नगर निगम कागजी घोड़े दौड़ा रहा है। नतीजा, साल-दर-साल शहर में इनका आतंक बढ़ रहा है। कुत्तों के बधियाकरण पर निगम हर साल करीब एक करोड़ रुपये खर्च करता है। 900 रुपये की दर से कुत्तों के बधियाकरण पर खर्च दिखाया जा रहा है। इसके बावजूद इनकी संख्या बढ़ रही है। वर्ष 2021 में शहर में कुत्तों की अनुमानित संख्या 27 हजार थी जो अब 35 हजार हो गई है। आए दिन इन कुत्तों के हमले में शहरवासी जान गंवा रहे हैं, लेकिन निगम इनको पकड़ने के लिए कतई गंभीर नहीं है।
कर्मचारीनगर में कुत्तों का आतंक है। पार्षद नवल किशोर ने बताया कि कुत्तों को पकड़ने के लिए कई बार निगम से कहा गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारी नगर, लाजपत नगर, ऑफिसर्स एन्क्लेव आदि कॉलोनियों में कुत्तों की भरमार है। सीबीगंज में भी कुत्तों का आतंक है। बंडिया, मथुरापुर, तिलियापुर, परसाखेड़ा गांव में कुत्तों के झुंड आए दिन लोगों पर हमला कर देते हैं। कई बच्चों की मौत भी हो चुकी है।
एबीसी सेंटर का संचालन नहीं हुआ शुरू
कुत्तों के आतंक के बावजूद सुंदरासी में 1.40 करोड़ की लागत से बने एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर का संचालन शुरू नहीं हो सका। ठेका होने के बावजूद सेंटर का संचालन शुरू नहीं होने से सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि ब्लैकलिस्ट हो चुकी फर्म को ही काम सौंप दिया गया। फर्म ने ठेका लेने के बाद काम शुरू करने के बजाय दूरी बना ली। नगर निगम की ओर से अब तक केवल नोटिस भेजकर औपचारिकता निभाई गई है। इससे नगर निगम की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।
शहर में हुईं बड़ी घटनाएं
- सीबीगंज थाना क्षेत्र के बंडिया गांव में दो वर्षीय बच्ची को कुत्तों के झुंड ने नोच लिया था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पांच साल में यहां तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
- शेरगढ़ थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय दक्ष पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर लहूलुहान कर दिया था। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए रेफर कर दिया था।
- बंडिया गांव में तीन वर्षीय परी पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था।
- मथुरापुर के खना गौटिया गांव के दस वर्षीय अयान की जान कुत्तों के हमले में चली गई थी।
- इच्जतनगर थाना क्षेत्र में पालतू जर्मन शेफर्ड ने 14 साल के लड़के पर हमला किया था।
- नई बस्ती में तीन वर्षीय मुमताज हुसैन पर एक कुत्ते ने हमला किया था।
- सुभाषनगर के दुर्गानगर में एक पांच साल की बच्ची पर कुत्तों ने हमला कर दिया था।