सीवर लाइन के गड्ढे में भी भरा कई फुट पानी, दिन भर बंद रहा काम
बरेली। सीवर लाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान रविवार को बरेली कॉलेज गेट के पास फिर से पानी की पाइपलाइन फट गई। इसकी वजह से आसपास के इलाकों में पेयजल की सप्लाई बाधित हो गई। सीवर लाइन के गड्ढों में कई फुट तक पानी भर जाने की वजह से दिनभर सीवर लाइन बिछाने का काम भी बंद रहा। बेतरतीब तरीके से की जा रही अंधाधुंध खुदाई की वजह से पहले भी शहर के कई इलाकों में पेयजल लाइन फट चुकी है।
पिछले साल अगस्त में शहर में 54.85 करोड़ रुपये की लागत से सीवर की 12.74 किमी. लंबी ट्रंक लाइन बिछाने काम शुरू हुआ था। ईसाइयों की पुलिया से कालीबाड़ी में पूर्व वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल के घर तक सीवर लाइन पड़ चुकी है और अब आगे काम चल रहा है। रविवार सुबह बरेली कॉलेज के सामने खुदाई शुरू हुई तो पानी की पाइपलाइन फट गई। उस समय पानी की सप्लाई हो रही थी, जिसके चलते कुछ ही देर में सीवर लाइन डालने को खोदा गया कई फुट गहरा गड्ढा पानी से भर गया। जैसे-तैसे पाइप को बंद करके पानी का बहाव तो रोक दिया लेकिन बरेली कॉलेज और आसपास के तमाम इलाके की पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। दिन भर इन लोगाें को पानी के लिए परेशान होना पड़ा। वहीं, सीवर लाइन का काम शुरू करने के लिए गड्ढे में पंप लगाकर पानी निकाला तो वहां पूरे रास्ते पर कीचड़ हो गया जिससे लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। वहीं, पानी भरने के चलते गड्ढे में मिट्टी धंस गई, जिससे सीवर लाइन डालने का काम पूरे दिन बंद रहा।
शाम को शुरू हुई पानी की आपूर्ति
नगर निगम के जलकल अनुभाग के जेई अजीत कुमार ने बताया कि जल निगम की सूचना पर जुबली पार्क वाले ट्यूबवेल से पानी सप्लाई बंद करके रविवार शाम मौलाना आजाद इंटर कॉलेज वाले ट्यूबवेल से कालीबाड़ी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि टूटी लाइन को सही करने में कम से कम दो दिन का समय लगेगा।
लोहे की लाइन बदलकर प्लास्टिक की डाल रहे
मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि पानी की पुरानी पाइपलाइन लोहे की पड़ी थी। अब काम के दौरान जगह-जगह लाइन टूट रही है तो ठेकेदार के कर्मचारी उस पाइप को उठा ले जाते हैं और उसकी जगह प्लास्टिक का पाइप जोड़ देते हैं।
निर्माण कार्य के दौरान पानी की सप्लाई लाइन टूटने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी मिलने पर उसकी मरम्मत करा दी गयी है। भविष्य में ऐसी दिक्कत न हो इसलिए कर्मचारियों को सतर्क रहने को कहा है। - संजय कुमार, एक्सईएन, जल निगम
न संकेतक न स्टॉपर, चौराहे से परेशान होकर लौट रहे लोग
बरेली। चौपुला चौराहे पर सीवर लाइन और पुल निर्माण कार्य के चलते पटेल चौक से चौपुला चौराहा रोड की दोनों लेन बंद कर दी गई हैं लेकिन पटेल चौक की ओर कोई संकेतक नहीं लगाया गया है, जिसके चलते लोगों को चौपुला चौराहे के पास तक जाकर लौटना पड़ रहा है।
इन दिनों शहर के तमाम हिस्से में पुल और सीवर लाइन डालने का काम चल रहा है। मगर यह निर्माण कार्य अन्य विभागों से तालमेल के बिना चल रहा है, जिसका खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। बिना सूचना के कभी कोई मार्ग बंद कर दिया जाता है तो कभी कोई। अब पटेल चौक से चौपुला की ओर जाने वाली सड़क पर भी ऐसा ही हुआ है। इस सड़क की एक लेन तो लंबे समय से बंद है लेकिन दो-तीन दिन से चौपुला के पास सीवर लाइन डालने के चलते दूसरी लेन भी बंद कर दी गई है। मगर पटेल चौक के पास चौपुला पर सड़क बंद होने का न तो कोई संकेतक लगाया गया है और न ही स्टॉपर लगाया है। इस वजह से जिन लोगों को जानकारी नहीं है, वे इस सड़क पर पहुंच जाते हैं और फिर उन्हें चौपुला से लौटना पड़ता है। यही स्थिति बिहारीपुर चौकी से चौपुला की ओर जाने वाली सड़क पर है।
खतरा उठा रहे लोग, रोकने वाला कोई नहीं
निर्माण कार्य के बीच से ही बाइक और पैदल जाने वाले कुछ लोग स्टॉपर हटाकर निकल रहे हैं। चारों ओर फैली निर्माण सामग्री के चलते वे लोग वहां हादसे के शिकार भी हो सकते हैं लेकिन कोई उन्हें रोकने-टोकने वाला नहीं है।