बूथों पर ईआरओ और एईआरओ भी पहुंच रहे
सख्ती के बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) बूथों तक पहुंच रहे हैं। तहसील स्तरीय इन अधिकारियों से डीएम ने कहा है कि वह कार्मिकों के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा वार्डों-मोहल्लों एवं बूथ पर जाकर समीक्षा करें। उनकी समस्याएं सुनकर निस्तारित करें और आसपास के मतदाताओं से भी संवाद करें।
डीएम अविनाश सिंह ने बीएलओ के कार्य की सराहना की। उन्होंने बताया कि काफी संख्या में ऐसे बीएलओ हैं, जिन्होंने आवंटित बूथ पर एसआईआर का काम पूरा कर लिया है। ऐसे 101 बीएलओ को चिह्नित किया है। इन्हें सोमवार शाम को वह कलक्ट्रेट में बुलाकर कर सम्मानित कर रहे हैं।
बीएलओ को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
रिठौरा कस्बे में रविवार को एसआईआर के तहत शिविर लगाया गया। यहां मतदाता अपने-अपने प्रपत्र जमा करने पहुंचे। शाम पांच बजे एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने पहुंचकर सभी बीएलओ से विस्तार से जानकारी ली। जल्द से जल्द कार्य पूरा कर प्रपत्र ऑनलाइन करने के निर्देश दिए। इस दौरान सुपरवाइजर दिनेश कुमार सिंह, विकास कुमार, अमित कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।