जनपद में अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गई। होली के लिए कपड़े सिलने देकर बाइक से लौट रहे ममेरे-फुफेरे भाइयों को ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रॉली ठीक कर रहा मैकेनिक उसके नीचे दब गया। कोई ट्रेन की चपेट में आ गया। किसी को रोड पार करने के दौरान वाहन ने टक्कर मार दी। सबकी उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच थी। दो लोग घायल हैं। उनका उपचार किया जा रहा है।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत
शाही। बुझिया माइनर पेट्रोल पंप से गांव डूंगरपुर की ओर आ रही बाइक को सिलिंडर भरे ट्रक ने सोमवार को टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक सोनू (18) की मौके पर मौत हो गई। वहीं, सवार विशाल ने चार घंटे उपचार के बाद दम तोड़ दिया।
गांव डूंगरपुर निवासी जयपाल के बेटे सोनू अपने ममेरे भाई ठिरिया, कट्टरा निवासी विशाल के साथ नए कपड़े सिलवाने के लिए बाइक से शाही आया था। लौटने के दौरान उन्होंने बुझिया माइनर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाया। रास्ते में शाही से शेरगढ़ की ओर जा रहे सिलिंडर से भरे ट्रक ने बाइक को सुबह 11:00 बजे टक्कर मार दी। दोनों सवार गिर गए। सूचना पर मौके पर गई पुलिस ने घायलों को शेरगढ़ के सीएचसी भेजा। चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। विशाल को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार घंटे के उपचार के बाद उसने भी दम तोड़ दिया। थाना अध्यक्ष राजेश बैसला ने बताया शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
आठवीं पास सोनू करता था मजदूरी
परिजनों के मुताबिक, सोनू तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। आठवीं की पढ़ाई करने के बाद वह मजदूरी करके परिवार की आर्थिक सहायता करता था। रविवार को किसी परिजन का जन्मदिन था। इसके समारोह में ममेरा भाई विशाल शामिल होने आया था। दोनों की मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है।
- -
ट्रॉली के नीचे दबने से मैकेनिक की मौत
फरीदपुर। ट्रॉली के पहिये का बेयरिंग टूटने पर उसे ठीक करने गए मैकेनिक गांव चौड़ेरा निवासी राजवीर (30) की उसके नीचे दबकर मौत हो गई। मोहल्ला कानूनगोयान बुखारा रोड निवासी ट्रॉली मालिक जितेंद्र ने सोमवार सुबह 9:00 बजे राजवीर को बेयरिंग ठीक करने बुलाया। राजवीर ने जैक लगाकर ट्रॉली उठाई और पहिया निकाल दिया। वह उसके नीचे चला गया। इस दौरान जैक मिट्टी में धंसने से ट्रॉली गिर गई। राजवीर उसके नीचे दब गया। सूचना पर मौके पर गई पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है।
-
कार की टक्कर से सड़क पार कर रहे व्यक्ति की मौत
फतेहगंज पूर्वी। राष्ट्रीय राजमार्ग पर उचसिया मोड़ के सामने सोमवार सुबह 10:00 बजे तेज रफ्तार कार की टक्कर से व्यक्ति की मौत हो गई। कार, शाहजहांपुर की ओर से आ रही थी। सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से भाग गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर गई पुलिस ने घायल को पीएचसी पहुंचाया। वहां से फरीदपुर सीएचसी रेफर किया गया। चिकित्सकों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बताया है कि व्यक्ति सड़क किनारे से कबाड़ा बीनता था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। इंस्पेक्टर क्राइम विकास कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
-
मौतबरेली-बीसलपुर मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में एक चालक की मौत, दूसरा घायल
भुता। बरेली-बीसलपुर मार्ग पर भुता थाना क्षेत्र में गांव पडोली में रविवार रात 8:00 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें एक चालक बारादरी थाना क्षेत्र के डोराहा गौंटिया निवासी अजय सागर (28) की मौत हो गई। दूसरा चालक शाहजहांपुर के खुदागंज निवासी सतीश कुमार चोटिल हो गया। दोनों चालकों ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, अजय सागर बीसलपुर के गांव डंडियां में रिश्तेदार के घर बाइक से जा रहे थे। वहीं, सतीश कुमार बाइक से बरेली आ रहे थे। बरेली-बीसलपुर मार्ग पर गांव पडोली के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। अजय सागर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर गई पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान सोमवार सुबह 5:00 बजे अजय ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। वहीं, चोटिल हुए सतीश ने भी उपचार कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी।
-
सरियों से भरा ट्रक खाई में पलटा, चालक की मौत, परिचालक घायल
आंवला/रामनगर। आंवला-रामनगर मार्ग पर रविवार देर रात लोहे की सरियों से भरा ट्रक खाई में पलट गया। इसमें चालक उत्तराखंड के काशीपुर के गांव हिम्मतपुर निवासी मोनू (24) की मौत हो गई। उसी गांववासी परिचालक अरुण सागर (26) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है।
इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि उत्तराखंड से सरिया लादकर आंवला आ रहा ट्रक, रामनगर-मऊचंदुपुर के बीच रविवार रात 1:00 बजे अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। सूचना पर मौके पर गई पुलिस ने सीसी टीम, पीआरबी और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की मदद से मशक्कत के बाद चालक-परिचालक को निकाला। चालक मोनू की मौत हो चुकी थी। घायल परिचालक अरुण सागर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
ओवरलोड था ट्रक
ग्रामीणों ने बताया कि चालक को नींद आ गई होगी। ट्रक, सरिया से ओवरलोड था। इसी कारण ट्रक खाई में जा गिरा होगा। सरियायों के दबाब से केबिन की दीवार टूट गई, चालक-परिचालक के शरीर में घुस गई।
-
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
भोजीपुरा। बसुधरन ढाल के पास रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से गांव मेमोर निवासी देवदत्त (22) की मौत हो गई। पिता बाबूराम ने बताया कि देवदत्त अक्सर घर से बाहर निकल जाता था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे घर से चाय पीकर निकला था। सुबह 11 बजे के करीब भटकते हुए बसुधरन ढाल के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। इसी दौरान लालकुआं से कासगंज की ओर जा रही 35311 एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना पर मौके पर गई पुलिस जांच की। देवदत्त के भाई जमुना प्रसाद ने बताया कि देवदत्त मानसिक रूप से कमजोर था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
-
-