उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल में रविवार को भी ब्लॉक के चलते रेल यातायात प्रभावित रहा। यात्रियों का पूरा दिन ही स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करने में गुजर गया। कुछ मायूस होकर लौटे तो कुछ ने हाईवे की राह पकड़ी। जो ट्रेन सुबह आनी थी वह शाम को आई और जो दोपहर या उसके बाद आनी थी वह रात में बरेली जंक्शन पहुंची। पूछताछ केंद्र पर पूरे दिन भीड़ लगी रही। रविवार छुट्टी का दिन था, सो बड़ी संख्या में लोग बाहर जाने का प्रोग्राम बनाकर निकले थे। किसी को नोएडा अपने परिवार के पास जाना थो तो कोई दिल्ली में सैर-सपाटे के लिए जाना चाहता था। नोटिस बोर्ड पर ट्रेनों की टाइमिंग देखकर ही कई ने अपना प्रोग्राम कैंसल कर दिया। रेल यातायात प्रभावित होने के कारण हाईवे पर वाहनों की भीड़ बढ़ गई। अप लाइन पर ब्लॉक होने के कारण केवल लखनऊ से दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनें ही प्रभावित नहीं हुईं बल्कि दिल्ली से लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों की भी चाल बिगड़ गई। डाउन लाइन पर भी बीस घंटे तक ट्रेनें विलंब से चलीं।
ब्लॉक के चलते दर्जनों ट्रेनें घंटों की बिगड़ी चाल
रविवार को सिर्फ अप लाइन पर सात घंटे का ब्लॉक लिया गया जिस कारण लखनऊ से दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनें का संचालन ठप रहा। कुछ ट्रेनों को सीमित गति का काशन देकर गुजार गया। कुछ ट्रेनें काफी देर तक आसपास के स्टेशनों पर रोकी गईं। रविवार सुबह 10:30 बजे से लेकर शाम 5:30 बजे तक लखनऊ-मुरादाबाद और मुरादाबाद-सहारनपुर सेक्शन में काम जारी रहा। बरेली जंक्शन को दोपहर डेढ़ बजे ब्लॉक मिला। इस दौरान बिलपुर, लाल फाटक, चनेहटी समेत कई जगह अप लाइन के ट्रैक की मरम्मत कराई गई।
अप लाइन: ये ट्रेनें हुईं लेट
ट्रेन विलंब
लालगढ़ वाया दिल्ली अवध आसाम एक्सप्रेस 8 घंटा
चंडीगढ़ वाया सहारनपुर डिबरूगढ़ एक्सप्रेस 6 घंटा 40 मिनट
भगत की कोठी वाया दिल्ली कामख्या एक्सप्रेस 6 घंटा 30 मिनट
सहारनपुर वाया मेरठ नौचंदी एक्सप्रेस 7 घंटा 40 मिनट
अमृतसर वाया अंबाला जन नायक एक्सप्रेस 2 घंटा
हरिद्वार कुंभ एक्सप्रेस 3 घंटा 45 मिनट
नई दिल्ली फरक्का एक्सप्रेस 2 घंटा 15 मिनट
नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस 2 घंटा 20 मिनट
डाउन लाइन: इन ट्रेनों की भी चाल बिगड़ी
मुजफ्फरनगर वाया हरदोई राप्तीगंगा एक्सप्रेस 20 घंटा
हावड़ा वाया पटना उपासना एक्सप्रेस 9 घंटा
दरभंगा वाया सीतापुर जन नायक एक्सप्रेस 5 घंटा 30 मिनट
गोरखपुर वाया लखनऊ अमरनाथ एक्सप्रेस 7 घंटा 30 मिनट
शक्तिनगर वाया इलाहाबाद त्रिवेणी एक्सप्रेस 4 घंटा 20 मिनट
कोलकाता वाया गया सियालदा एक्सप्रेस 3 घंटा 50 मिनट
गुवाहाटी वाया लखनऊ अवध आसाम एक्सप्रेस 2 घंटा