सीआईबी ने इंजीनियर के घर पर छापा मारकर जेनरेटर बरामद किया
विज्ञापन
एआरटी यूनिट बनाने के लिए नवंबर में गोरखपुर से आए थे जेनरेटर
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर मुख्यालय से भेजा गया जनरेटर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने चोरी कर लिया। सीआईबी ने शनिवार को उसके घर पर छापा मारकर यह जनरेटर बरामद कर लिया। सीनियर सेक्शन इंजीनियर के खिलाफ जीआरपी के थाना सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराकर उसे जेल भेज दिया गया।
इज्जतनगर रेल मंडल के बरेली सिटी स्टेशन पर एआरटी (एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन) की यूनिट बनाने की तैयारी चल रही है जिसके लिए जरूरत पड़ने पर पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर मुख्यालय से कुछ जेनरेटर भेजे गए थे। इन्हें सिटी स्टेशन पर बने स्टोर में रखा गया था। रेलवे सूत्रों के मुताबिक कुछ समय पहले सिटी स्टेशन के विद्युत विभाग में तैनात सीनियर सेक्शन इंजीनियर तारकेश्वर पाल को वीर सावरकरनगर में अपना मकान बनवाने के लिए जनरेटर की जरूरत पड़ी तो दिसंबर के पहले सप्ताह में स्टोर से एक जनरेटर चुराकर अपने घर ले गया।
आरपीएफ की अपराध अनुसंधान अभिसूचना इकाई (सीआईबी) को इस बारे में सूचना मिली तो शुक्रवार रात सीआईबी के उपनिरीक्षक जयपाल और ब्रजपाल के साथ टीम ने छापा मारकर वीर सावरकर नगर में तारकेश्वर के घर से जनरेटर बरामद कर लिया। इसके बाद तारकेश्वर को गिरफ्तार कर बरेली सिटी आरपीएफ को सौंप दिया गया। आरपीएफ ने सरकारी संपत्ति चोरी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर शनिवार को उसे जेल भेज दिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार ने बताया कि स्टोर में जनरेटर की गिनती होने पर चोरी का पता चला। इसके बाद सीआईबी को सूचना दी गई थी।