बरेली। जनगणना की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगे। जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने तहसीलों, नगर निकायों, नगर निगम और कैंटोनमेंट बोर्ड में प्रगणकों व सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण की स्थिति जानी। ग्राम पंचायत सचिवालयों में जनगणना हेल्प डेस्क संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रगणक लोगों को स्वगणना के लिए जागरूक करें। डीएम ने बताया कि सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, ताकि लोग उनकी पहचान कर बिना किसी संकोच के जानकारी साझा कर सकें।
उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए। नगर निकायों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के माध्यम से जिंगल बजवाकर प्रचार कराया जाएगा। गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में सीडीओ देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह सहित एसडीएम, एसीएम और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।