बरेली। नई दिल्ली के करनैल सिंह रेलवे स्टेडियम में एक नवंबर को हुई 10वीं ग्रैंड ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में बरेली के खिलाड़ियों ने चार पदक झटके हैं। इसमें देशभर के 800 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उनसे लोहा लेते हुए सब-जूनियर वर्ग की रिकॉग्नाइज्ड इंडिविजुअल पूमसे स्पर्धा में बरेली के आरुष देशवाल ने स्वर्ण और अवनी जायसवाल ने कांस्य पदक जीता। कैडेट बालिका वर्ग की टीम पूमसे स्पर्धा में अवनी अग्रवाल, अवनी जायसवाल और कृतिका सिंह की तिकड़ी ने स्वर्ण पदक झटका। सब-जूनियर बालक वर्ग की फ्रीस्टाइल इंडिविजुअल पूमसे स्पर्धा में आरुष देशवाल ने एक और स्वर्ण पदक जीता। ये खिलाड़ी एसआर इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थी हैं। विद्यालय की प्रबंध निदेशक रूमा गोयल ने बताया कि यह सफलता विद्यार्थियों के अनुशासन व मेहनत का परिणाम है। प्रधानाचार्य अमित रोनाल्ड चौहान ने विजेताओं को बधाई दी। संवाद