Security of the bomb blast in police station started by the inquiry
- फोटो : Security of the bomb blast in police station started by the inquiry
फरीदपुर थाने में बम फटने की सुरक्षा मुख्यालय ने जांच शुरू की है। मुख्यालय से एडिशनल एसपी हर दयाल सिंह बुधवार को फरीदपुर थाने पहुंचे। थाने के जिस हिस्से में बम फटे थे, उसका जायजा लेने के बाद लापरवाही की वजह तलाशी। उन्होंने जानना चाहा कि बम निरोधक दस्ते से किस स्तर पर चूक हुई। थाने में पूछताछ के बाद एडिशनल एसपी पीएसी पहुंचे थे। उन्होंने घायल एचसीपी और कांस्टेबल से भी मुलाकात करके बयान दर्ज किए। शुरुआती स्तर पर उन्होंने माना कि बम निरोधक दस्ते के दोनों पुलिसकर्मियों ने काफी बड़े टास्क में सफलता पूर्वक बमों को डिफ्यूज किया है। इस प्रकरण में बमों को हल्का मानने की चूक होने से हादसा हुआ है। उन्होंने माना कि दोनों घायल पुलिसकर्मी अगर हेलमेट, दस्तानें और बाड़ी कवर इस्तेमाल करते तो उन्हें चोट नहीं लगती।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले सीएस इंटर कॉलेज में छह बम मिले थे। पीएसी की आठवीं बटालियन के बम निरोधक दस्ते में एचसीपी चंद्रशेखर और कांस्टेबल कुंवरपाल अपने साथियों के साथ मंगलवार को फरीदपुर थाने पहुंचे थे। बमोें में उपयोग हुए बारूद और केमिकल के नमूने भरे जाने थे। थाने के बरामदे में दस्ते के पुलिसकर्मी नमूने भरने के बाद बमों को दोबारा पैक कर रहे थे। इसी दौरान पांच सेकेंड के अंतराल पर जोरदार धमाके के साथ बम फट गए। धमाके की आवाज कस्बे में दूर तक सुनी गई। थाने में अफरातफरी मच गई थी। कुंवरपाल के कंधे और हाथ झुलस गए थे, जबकि चंद्र शेखर के भी चेहरे और हाथ पर चोटें आईं थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।